आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाड़ी शशांक सिंह इस समय काफी चर्चा में हैं। शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता पर कुक के साथ मारपीट और बदसलूकी के आरोप में FIR दर्ज की गई है। वहीं अब कुख की दर्ज की गई शिकायत पर क्रिकेटर शशांक सिंह ने अपना रिएक्शन दिया है। शशांक सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि, उन्होंने और उनके परिवार ने किसी व्यक्ति को न तो बंधक बनाया और न ही उसके साथ मारपीट की। शशांक ने बताया, वह व्यक्ति उनके घर का कुक नहीं था। परिवार को शक है कि वह चोरी की नीयत से घर में आया था, इसलिए मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शशांक सिंह के घर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात कही तो विवाद बढ़ गया। तोमर ने ये भी दावा किया कि उनका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया गया और उनसे घर में तीन दिन तक खाए गए खाने का पैसा देने के लिए कहा गया। विपेंद्र तोमर की शिकायत के आधार पर रातीबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
तोमर मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं और एक परिचित के जरिए में डोरी गांव स्थित शशांक सिंह के घर पर काम करने पहुंचे थे। तोमर ने आरोप लगाया है कि क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके ड्राइवर ने उनके साथ मारपीट की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस द्वारा कराई गई मेडिकल जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।
शशांक सिंह ने ANI से बातचीत में कहा, "हमने किसी को बंधक नहीं बनाया। वह खुद को कुक बताकर हमारे घर आया था, लेकिन उसे खाना बनाना नहीं आता था। वह ज्यादातर समय वीडियो बनाने और फोटो खींचने में लगा रहता था, यहां तक कि मेरे कमरे में भी चला गया था। उसके व्यवहार को देखकर हमें शक हुआ कि वह चोरी की नीयत से आया हो सकता है। फिलहाल जांच में घर से कोई सामान गायब नहीं मिला है।"
घर की फोटो और वीडियो लेने पर रोका
शशांक सिंह ने कहा, "उसके मोबाइल में हमारे घर के वीडियो और तस्वीरें थीं। इसलिए मेरी मां ने उससे वे सभी फोटो और वीडियो हटाने के लिए कहा, क्योंकि वे निजी थे। अभी तक इस मामले में पुलिस ने हमसे कोई संपर्क नहीं किया है।" उन्होंने आगे कहा, "जब हमने उसे फोटो और वीडियो बनाते हुए देखा तो मेरी बहन ने पुलिस बुलाने की बात कही थी, लेकिन उसने हमसे माफी मांगी, इसलिए मैंने उसे जाने दिया। हो सकता है कि कोई मुझे बदनाम करने के इरादे से ऐसे आरोप लगा रहा हो।"
शशांक ने आगे कहा, "जो लोग मुझे जानते हैं, वे समझते हैं कि किसी के साथ मारपीट करना मेरे स्वभाव के बिल्कुल खिलाफ है। मुझे गाली-गलौज करना भी पसंद नहीं है, इसलिए मैं ऐसा नहीं कर सकता।"