राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन के रिप्लेसमेंट का किया ऐलान, PSL को छोड़ IPL में खेलेंगे दासुन शनाका

IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने चोटिल सैम करन की जगह दासुन शनाका को टीम में शामिल किया है। शनाका पीएसएल छोड़कर आईपीएल से जुड़े हैं। आरआर आईपीएल में अपने मुकाबले की शुरुआत 30 मार्च को सीएसके के खिलाफ करेगी

अपडेटेड Mar 23, 2026 पर 7:48 PM
Story continues below Advertisement
सैम करन का बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। वहीं टूर्नामेंट से पहले राजस्थान रॉयल्स को लेकर बड़ी खबर आ रही है। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इंजर्ड ऑलराउंडर सैम करन की जगह श्रीलंका के दासुन शनाका को रिप्लेसमेंट प्लेयर के तौर पर चुन लिया है। ऑलराउंडर दासुन शनाका पहले पाकिस्तान सुपर लीग की टीम लाहौर कलंदर्स का हिस्सा थे। शनाका ने पीएसएल को छोड़कर आईपीएल में शामिल हो गए हैं। वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनाका श्रीलंका के कप्तान थे।

RR ने बयान में कहा, "दासुन शनाका टीम के लोअर-मिडिल ऑर्डर में एक्सपीरियंस और कॉन्फिडेंस जोड़ते हैं और उन्होंने T20 इंटरनेशनल में श्रीलंका के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।"

शनाका का रिकॉर्ड


फ्रेंचाइजी ने आगे बताया, "2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद, शनाका ने श्रीलंका के लिए 131 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 20.55 की औसत और 128.40 के स्ट्राइक रेट से 1912 रन बनाए हैं। इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 76 रन की अपनी सबसे बड़ी पारी खेली थी। दाएं हाथ के मीडियम पेस गेंदबाज शनाका ने गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने टी20 में 25.10 की औसत और 18.2 के स्ट्राइक रेट से 46 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/16 रहा है।"

हेड कोच ने क्या कहा

RR के क्रिकेट डायरेक्टर और हेड कोच कुमार संगकारा ने कहा, "सीजन शुरू होने के इतने करीब सैम जैसे खिलाड़ी को खोना हमारे लिए निराशाजनक है। सैम बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए काफी अहम थे। लेकिन हमें खुशी है कि दासुन शनाका के रूप में हमें एक सही रिप्लेसमेंट मिला है, जो बल्ले से अच्छा फिनिशर है और एक क्वालिटी ऑलराउंडर भी है, जो टीम का संतुलन बनाए रखने में मदद करेगा।"

सैम करन की जगह लेंगे शनाका

सैम करन का बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स से 2.4 करोड़ रुपये में ट्रेड कर के लाया गया था। उनकी जगह आए दासुन शनाका मुख्य रूप से बल्लेबाजी करने वाले ऑलराउंडर हैं। राजस्थान रॉयल्स को उम्मीद है कि शनाका अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करेंगे, जैसा उन्होंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 31 गेंदों में 76 रन बनाकर दिखाया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।