राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के लिए अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। आईपीएल 2026 में टीम की कप्तानी मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रियान पराग संभालेंगे। 13 फरवरी 2026 को राजस्थान रॉयल्स ने इस फैसले की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। रियान पराग संजू सैमसन की जगह लेंगे। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले सैमसन एक ट्रेड डील के तहत राजस्थान छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए थे। रियान पराग को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
रियान पराग आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के सातवें कप्तान बनेंगे। उनसे पहले शेन वॉर्न, शेन वॉटसन, राहुल द्रविड़, अजिंक्य रहाणे, स्टीव स्मिथ और संजू सैमसन इस टीम की कमान संभाल चुके हैं।
रियान पराग ने अब तक वह आईपीएल में 84 मैच खेल चुके हैं और 1566 रन बना चुके हैं। पिछले सीजन में उन्हें पहली बार टीम की कप्तानी का मौका मिला था, जब संजू सैमसन उपलब्ध नहीं थे। पराग ने उस दौरान आठ मैचों में टीम की अगुवाई की, लेकिन टीम को केवल दो मुकाबलों में जीत मिल सकी।
रियान को दी गई जिम्मेदारी
कप्तान चुनने के लिए रियान पराग को रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल और सैम करन से आगे रखा गया। जडेजा पिछले साल ट्रेड के जरिए टीम में आए थे और पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी कर चुके हैं। जायसवाल को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। वे टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं और वे पहले भी कप्तानी की इच्छा जता चुके हैं। फिर भी टीम ने भरोसा दिखाते हुए रियान पराग को यह जिम्मेदारी दी।
सैम करन के पास अलग-अलग टी20 लीग में कप्तानी का अच्छा अनुभव है। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने आईपीएल में पहले पंजाब किंग्स की कमान संभाली है। इसके अलावा जनवरी 2026 में उन्होंने डेजर्ट वाइपर्स टीम को इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) का खिताब भी जिताया था। कप्तानी के मामले में उनका एक्सपीरियंस काफी मजबूत माना जाता है।
राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभालते ही रियान पराग के सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी। पिछले सीजन में टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही थी और उसने अब तक सिर्फ 2008 में ही आईपीएल का खिताब जीता है। जुलाई 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले पराग भारत के लिए एक वनडे और नौ टी20 मैच खेल चुके हैं।