Rajat Patidar: 501 रन, 42 छक्के और लगातार 2 IPL खिताब...फिर भी रजत पाटीदार को क्यों नहीं मिली टीम इंडिया में जगह

Rajat Patidar : रजत पाटीदार की अनदेखी इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि इस बार भारतीय टी20 टीम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा फैसला श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाना रहा। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह कप्तानी संभाली है। वहीं, सूर्यकुमार यादव को खराब IPL 2026 सीजन के बाद टीम में शामिल नहीं किया गया

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 4:08 PM
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐसान हो गया है।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐसान हो गया है। भारतीय टी20 टीम के ऐलान में जहां कई युवा चेहरों को मौका मिला है वहीं कुछ ऐसे नाम भी हैं जिन्हें नजरअंदाज किए जाने पर क्रिकेट फैंस हैरान हैं। वहीं टी20 टीम में रजत पाटीदार को जगह नहीं मिलने पर क्रिकेट जगत में काफी चर्चा हो रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान पाटीदार को टीम से बाहर रखा गया, जबकि उन्होंने अपनी टीम को लगातार दूसरी बार IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। IPL 2026 में भी रजत पाटीदार का प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने बल्ले से कई धमाकेदार पारियां खेली थीं। ऐसे में टीम में उनका चयन न होना कई क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों को हैरान कर रहा है।

रजत पाटीदार की अनदेखी इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि इस बार भारतीय टी20 टीम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा फैसला श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाना रहा। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह कप्तानी संभाली है। वहीं, सूर्यकुमार यादव को खराब IPL 2026 सीजन के बाद टीम में शामिल नहीं किया गया।

वैभव सूर्यवंशी को पहली बार मिला मौका


भारतीय चयनकर्ताओं ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार अंतरराष्ट्रीय टी20 टीम में शामिल किया है। माना जा रहा है कि भारत अब भविष्य की योजनाओं पर काम कर रहा है और 2028 के टी20 विश्व कप तथा लॉस एंजिल्स ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को अवसर दे रहा है। टीम में एक और बड़ा बदलाव करते हुए तिलक वर्मा को नया उप-कप्तान बनाया गया है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए अक्षर पटेल की जगह ली है।

इसके अलावा नितीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई और प्रिंस यादव को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को इस बार टीम में जगह नहीं मिली। दूसरी ओर, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए आराम दिया गया है, ताकि वे आगे की महत्वपूर्ण श्रृंखलाओं और टूर्नामेंटों के लिए पूरी तरह फिट रह सकें।

टीम सेलेक्टर्स ने कही ये बात

टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर्स अजीत अगरकर ने कहा कि, टीम चुनना आसान काम नहीं होता, क्योंकि देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने माना कि कई योग्य खिलाड़ी इस बार टीम में जगह नहीं बना पाए, लेकिन यह भारतीय क्रिकेट में मौजूद मजबूत टैलेंट पूल को दर्शाता है। अगरकर ने कहा कि चयन समिति सिर्फ 15 नाम तय करके टीम नहीं बना देती। हर खिलाड़ी के प्रदर्शन और उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाती है। IPL और घरेलू क्रिकेट में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और वे टीम में चुने जाने के हकदार भी लगते हैं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा टीम के खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत ने हाल ही में टी20 विश्व कप जीता है, इसलिए चयनकर्ताओं को भरोसा है कि उन्होंने एक मजबूत और संतुलित टीम चुनी है। अगरकर के अनुसार, टीम में सीमित स्थान होने के कारण हर अच्छे खिलाड़ी को मौका देना संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों का बाहर रहना स्वाभाविक है, लेकिन चयन समिति चुने गए खिलाड़ियों के इस समूह से पूरी तरह संतुष्ट है और उन्हें भरोसा है कि यह टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद रजत पाटीदार को भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिलना कई लोगों के लिए चौंकाने वाला फैसला रहा है। पाटीदार ने 2025 में RCB को उसका पहला IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद 2026 सीजन में भी उन्होंने टीम की कप्तानी संभालते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में योगदान दिया।

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने IPL 2026 में 501 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 192.69 रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में मिडिल ऑर्डर में लगातार उपयोगी पारियां खेलीं और कई मैचों में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पाटीदार ने सीजन में 30 चौके और 42 छक्के लगाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के कारण उन्हें टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिना गया। ऐसे शानदार प्रदर्शन के बावजूद राष्ट्रीय टीम में उनका चयन नहीं होना क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन

रजत पाटीदार के IPL 2026 के आंकड़ों को अगर पारी के अलग-अलग फेज में देखा जाए, तो उनका प्रदर्शन और भी शानदार नजर आता है। शुरुआत में उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी, उनका आक्रामक अंदाज देखने को मिला। IPL 2026 के सातवें से 11वें ओवर के बीच उन्होंने 80 गेंदों पर 152 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 190 रहा। इसके बाद मिडिल ओवरों में उनका प्रदर्शन और भी खतरनाक हो गया। 12वें से 16वें ओवर के बीच पाटीदार ने 108 गेंदों पर 234 रन ठोक दिए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 216.67 रहा, जिससे उन्होंने लगातार विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। डेथ ओवरों में भी पाटीदार का बल्ला जमकर चला। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 78 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 278.57 रहा।

2024 से नहीं हुई टीम की वापसी

पाटीदार के टीम इंडिया में सफर की बात करें तो ये बहुत ही छोटा रहा है। उन्होंने दिसंबर 2023 में वनडे फॉर्मेट में पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट खेला था, जहां साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने ओपनिंग की थी। मगर वो 16 गेंदों में सिर्फ 22 रन बना सके थे. इसके बाद 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाटीदार को 3 टेस्ट मैच खेलने को मिले थे लेकिन वो तीनों में फेल रहे और 6 पारियों में सिर्फ 63 रन ही बना सके थे। इसके बाद से ही उनकी टीम में वापसी नहीं हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।