पाकिस्तान का डर्टी गेम! वर्ल्ड कप से हटा बांग्लादेश के पूर्व PAK कप्तान ने कर दी ये बड़ी मांग

T20 World Cup: दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को साफ कर दिया था कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग नहीं मानी जाएगी और टूर्नामेंट तय शेड्यूल के अनुसार ही होगा। BCB को अपनी सरकार से बात कर अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन का समय दिया गया था

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 7:03 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने बांग्लादेश को लेकर बड़ा बयान दिया है।

T20 World Cup: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ऐलान किया है कि उसकी नेशनल टीम 2026 में भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं जाएगी। यह फैसला 22 जनवरी को बोर्ड की मीटिंग के बाद लिया गया। वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपील की है कि वह आने वाले T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश का समर्थन करे और इस टूर्नामेंट से हटने पर विचार करे।

दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को साफ कर दिया था कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग नहीं मानी जाएगी और टूर्नामेंट तय शेड्यूल के अनुसार ही होगा। BCB को अपनी सरकार से बात कर अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन का समय दिया गया था। राशिद लतीफ़ ने कहा कि ICC और BCB के बीच चल रहे इस टकराव को देखते हुए PCB को सीनियर पुरुष टूर्नामेंट से हट जाना चाहिए। उनका मानना है कि मौजूदा क्रिकेट सिस्टम को चुनौती देना जरूरी है, ताकि सही और निष्पक्ष फैसले लिए जा सकें।

पाकिस्तान का गंदा खेल!


इस बीच, पिछले हफ्ते पाकिस्तानी मीडिया में आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ खड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने अंतिम फैसला होने तक अपनी टीम की वर्ल्ड कप तैयारियों को भी रोक दिया है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अगर पाकिस्तान और भारत का मैच नहीं होता है, तो वर्ल्ड कप का करीब 50 फीसदी महत्व खत्म हो जाता है। उन्होंने इसे मौजूदा क्रिकेट सिस्टम को चुनौती देने का बेहतरीन मौका बताया।

राशिद लतीफ ने कही ये बात

लतीफ ने आगे कहा कि पाकिस्तान को साफ तौर पर कहना चाहिए कि वह बांग्लादेश के साथ है और T20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर देना चाहिए। उनके मुताबिक, अब स्टैंड लेने का समय है और इसके लिए मजबूत इरादों की जरूरत होती है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ ने बांग्लादेश की मांग ठुकराने पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट किया जाना चाहिए था, क्योंकि भारत और पाकिस्तान पहले भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए एक-दूसरे के देश में खेलने से इनकार कर चुके हैं।

लतीफ ने कहा, “यह फैसला सही नहीं लगता। आज ICC कह रहा है कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को कोई खतरा नहीं है, लेकिन दुनिया की कोई भी एजेंसी यह गारंटी नहीं दे सकती कि कहीं भी कोई खतरा नहीं होगा। सबसे सुरक्षित जगहों पर भी ऐसी पक्की गारंटी नहीं दी जा सकती। फिर ICC ऐसा कैसे कह सकता है?” उन्होंने उम्मीद जताई कि किसी भी टीम के साथ कोई अनहोनी न हो। राशिद लतीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान के पास अभी भी बड़ा “ट्रंप कार्ड” है और बांग्लादेश का रुख बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इससे बेहतर मौका नहीं मिलेगा। अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप नहीं खेलता है, तो यह टूर्नामेंट के लिए बड़ा झटका होगा, क्योंकि पाकिस्तान की भूमिका अहम है। लतीफ़ ने यह भी माना कि ऐसा करने से भविष्य में पाकिस्तान को नुकसान हो सकता है और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से प्रतिबंध भी लग सकते हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि सिर्फ बातें करने से कुछ नहीं होगा, अब यह दिखाने का समय है कि आप किसके साथ खड़े हैं।

T20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका के आठ वेन्यू पर खेला जाएगा। पाकिस्तान को ग्रुप A में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ रखा गया है। वहीं बांग्लादेश ग्रुप C में इंग्लैंड, नेपाल, इटली और वेस्ट इंडीज के साथ खेलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।