T20 World Cup: गौतम गंभीर के इस फैसले पर भड़के अश्विन! साउथ अफ्रीका से मिली करारी शिकस्त की गिनाई वजहें

IND vs SA: सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारत की टीम के चयन पर सवाल उठने लगे हैं। रविचंद्रन अश्विन ने अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में न रखने के फैसले की आलोचना की। साउथ अफ्रीका से मिली इस हार के बाद भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है

अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 3:02 PM
Story continues below Advertisement
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की हार के बाद भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है

IND vs SA: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से करारी शिकस्त दी। वहीं इस हार के बाद टीम इंडिया के चयन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी भारत के प्रदर्शन पर अपना रिएक्शन दिया है। अश्विन ने खास तौर पर अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में शामिल न करने के फैसले की आलोचना की। अश्विन ने कहा कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अक्षर पटेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहम भूमिका निभाई थी। अक्षर ने विराट कोहली के साथ जरूरी साझेदारी की थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में भारतीय टीम का कोई भी बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। भारत की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई।

अश्विन ने क्या कहा

आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ में कहा,  “आईपीएल में मैच-अप की रणनीति ठीक है, क्योंकि वहां आपको 14 मैच खेलने होते हैं और टीम में बदलाव की गुंजाइश रहती है। लेकिन आईसीसी जैसे बड़े टूर्नामेंट में टीम को जितना हो सके स्टेबल रखना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “मैं इस बात से सहमत हूं कि लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर काम आ सकते हैं और उन्हें खिलाना भी चाहिए। लेकिन अक्षर पटेल टी20 क्रिकेट में आपके सबसे अहम खिलाड़ियों में रहे हैं। उन्होंने टीम के लिए जो योगदान दिया है, उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।”


अक्षर पर क्या कहा

अश्विन ने कहा,  “पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी अक्षर ऐसी ही मुश्किल परिस्थिति में बल्लेबाज़ी करने आए थे। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर अहम पार्टनरशिप की थी। विराट का अनुभव जरूर काम आया, लेकिन अक्षर का योगदान भी उतना ही महत्वपूर्ण था। अगर इस मैच में भी विकेट हाथ में रहते और दस ओवर के बाद थोड़ी स्थिरता मिलती, तो भारत टारगेट को हासिल कर सकता था।”

वाशिंगटन के सेलेक्शन पर उठे सवाल

सुपर-8 मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग 11 में जगह दी, जबकि उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर बैठाया गया। ये फैसला चर्चा का विषय बना रहा। इस मैच में वाशिंगटन सुंदर कुछ खास असर नहीं दिखा सके। उन्होंने दो ओवर में 17 रन दिए और बल्लेबाजी में नंबर 5 पर आकर सिर्फ 11 रन ही बना पाए। अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 76 रन से हराया और टीम इंडिया की 12 मैचों से चली आ रही जीत की लय तोड़ दी। इस हार के साथ डिफेंडिंग चैंपियन भारत को टूर्नामेंट में बड़ा झटका लगा।

सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की हार के बाद भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है। अब टीम को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे और साथ ही नेट रन रेट भी बेहतर रखना होगा। अगर भारत को खिताब बचाने की उम्मीद कायम रखनी है, तो अगले मैचों में शानदार प्रदर्शन करना जरूरी होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।