IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेड‍ियम में हमेशा रिजर्व रहेंगी 11 सीटें, जानें RCB-KSCA ने क्यों लिया ये बड़ा फैसला

IPL 2026: आईपीएल 2026 का पहला मैच आरसीबी और एसआरएच के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शुरू होने से पहले वेन्यू पर एक मिनट का मौन रखा जाएगा और पीड़ितों के नाम स्टेडियम के अंदर दिखाए जाएंगे

अपडेटेड Mar 24, 2026 पर 3:01 PM
बता दें, पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी

आईपीएल के 19वें सीजन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम ने एक अहम और इमोशनल फैसला लिया है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने तय किया कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर एक स्मारक पट्टिका (Memorial Plaque) लगाई जाएगी। इसमें उन 11 लोगों को याद किया जाएगा, जिनकी पिछले साल टीम की पहली आईपीएल जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में मौत हो गई थी। यह कदम उन लोगों को सम्मान देने और उनकी याद को हमेशा बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

बता दें, पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए फ्रेंचाइजी ने उन सभी को सम्मान देने का कदम उठाया है।

स्टेडियम में रिजर्व रहेंगी 11 सीटें


TOI के मुताबिक, 'ये स्मारक पट्टिका स्टेडियम के अंदर प्रवेश द्वार पर लगाई गई है। इसके साथ ही, हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की याद में 11 सीटें हमेशा के लिए रिजर्व रहेंगी। इन सीटों को न तो आईपीएल और न ही किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए बेचा जाएगा, बल्कि सम्मान के तौर पर उस पूरे हिस्से को सुरक्षित रखते हुए घेर दिया जाएगा।' केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने बताया कि स्मारक पट्टिका लगा दी गई है, ताकि हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी जा सके। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि 11 सीटों को स्थायी रूप से आरक्षित रखने की कोई योजना बनाई गई है या नहीं।

वेंकटेश प्रसाद ने क्या कहा

वेंकटेश प्रसाद ने TOI से कहा, “इस दुखद घटना को याद करना भी बहुत तकलीफ देता है। लेकिन हम कुछ समय से मैनेजिंग कमेटी और अन्य अहम लोगों के साथ मिलकर इस मेमोरियल पर चर्चा कर रहे थे और सभी का मानना था कि उन 11 लोगों को सम्मान देना जरूरी है। हम किसी के जख्मों को फिर से नहीं कुरेदना चाहते, बल्कि उन्हें सम्मान के साथ याद करना चाहते हैं। इसी वजह से हमने उन क्रिकेट फैंस की याद में एक शिलालेख लगाने का फैसला किया, जिनकी जिंदगी इस हादसे में असमय खत्म हो गई।”

मैच की शुरुआत

आईपीएल 2026 का पहला मैच आरसीबी और एसआरएच के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शुरू होने से पहले वेन्यू पर एक मिनट का मौन रखा जाएगा और पीड़ितों के नाम स्टेडियम के अंदर दिखाए जाएंगे। इसी बीच, स्टेडियम में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा और तैयारियों को मजबूत करने के लिए सोमवार को एक अभ्यास (मॉक ड्रिल) किया गया। इसके अलावा, गुरुवार को एक और बड़ी ड्रिल की तैयारी है, जिसमें करीब 500 वॉलंटियर्स को शामिल किया जाएगा।

चिन्नास्वामी में आरसीबी खेलेंगी सात मुकाबले

कर्नाटक सरकार की ओर से बनाई गई एक एक्सपर्ट कमिटी ने हाल ही में स्टेडियम का पूरा निरीक्षण करने के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईपीएल 2026 के मैचों के आयोजन की मंजूरी दे दी है। आने वाले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने कुल सात घरेलू मैचों में से पांच मुकाबले इसी मैदान पर खेलेगी, जबकि बाकी दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।