क्या 2024 के बाद सूर्यकुमार यादव-हार्दिक पांड्या के रिश्तों में आई दरार? रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

रोहित शर्मा के कप्तानी छोड़ने के बाद कप्तानी की दौड़ में हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव सबसे आगे माने जा रहे थे। टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं ने कई पहलुओं पर विचार करने के बाद नेतृत्व को लेकर अपना फैसला लिया। इस वजह से टी20 टीम की कप्तानी का मामला काफी चर्चा में रहा

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 10:00 PM
रोहित शर्मा के बाद टी20 टीम की कप्तानी के लिए हार्दिक पांड्या सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे थे

बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। वहीं बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया है। वहीं इसी बीच भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर हुई चर्चा में अब नई जानकारियां सामने आई हैं। न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 टी20 विश्व कप के बाद रोहित शर्मा के इस फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद नए कप्तान को लेकर काफी चर्चा हुई थी।

वहीं उस समय कप्तानी की दौड़ में हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव सबसे आगे माने जा रहे थे। टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं ने कई पहलुओं पर विचार करने के बाद नेतृत्व को लेकर अपना फैसला लिया। इस वजह से टी20 टीम की कप्तानी का मामला काफी चर्चा में रहा।

हार्दिक माने जा रहे थे दावेदार


रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा के बाद टी20 टीम की कप्तानी के लिए हार्दिक पांड्या सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे थे। उन्होंने कई मौकों पर टीम की कप्तानी भी की थी, इसलिए माना जा रहा था कि यह जिम्मेदारी उन्हें ही मिलेगी। वहीं बाद में सेलेक्टर्स ने किसी और खिलाड़ी पर भरोसा जताया। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि नए मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की सोच इस मामले में एक जैसी थी। दोनों हार्दिक पांड्या को लंबे समय तक कप्तानी देने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे, इसलिए अंतिम फैसला लेने से पहले सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या को लेकर कुछ सवाल उनके मुंबई इंडियंस के कप्तानी कार्यकाल की वजह से भी उठे थे। रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनने के बाद उन्हें प्रशंसकों की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। वहीं उस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा, जिससे उनकी कप्तानी को लेकर चर्चा बढ़ गई थी।

इस सीनीयर खिलाड़ी ने किया सपोर्ट

रिपोर्ट के अनुसार, कप्तानी को लेकर हुई अंदरूनी चर्चाओं के दौरान एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई। बताया गया कि भारतीय टीम के एक बेहद वरिष्ठ खिलाड़ी ने हार्दिक पांड्या की जगह सूर्यकुमार यादव के नाम का समर्थन किया था। लेकिन रिपोर्ट में उस खिलाड़ी का नाम नहीं बताया गया। माना जा रहा है कि इस समर्थन से सूर्या की दावेदारी और मजबूत हुई और कप्तानी की दौड़ में उन्हें बढ़त मिली।

हार्दिक-सूर्या के रिश्ते अच्छे नहीं

रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया कि हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के रिश्ते पिछले दो वर्षों से पहले जैसे नहीं रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट के अंदरूनी हलकों में ये चर्चा लंबे समय से चल रही थी कि दोनों खिलाड़ियों के बीच ड्रेसिंग रूम में संबंध काफी समय से सहज नहीं हैं और उनके बीच पहले जैसी करीबी देखने को नहीं मिलती। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव लंबे समय से मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा रहे हैं और कई सीजन तक एक साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके हैं।

आईपीएल 2026 में हार्दिक पांड्या टीम के कप्तान थे, जबकि सूर्यकुमार यादव उपकप्तान की भूमिका निभा रहे थे। सीजन के दौरान जब भी हार्दिक चोट या अन्य कारणों से किसी मैच में नहीं खेल पाए, तब टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव ने संभाली थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।