श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने पर रिकी पोंटिंग ने जताई खुशी, कही ये बात

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि वह लंबे समय से श्रेयस की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा करते हैं। पोंटिंग ने कहा, श्रेयस में टीम को आगे ले जाने की काबिलियत है और उन्हें यह जिम्मेदारी मिलना पूरी तरह से सही फैसला है

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 4:06 PM
रिकी पोंटिंग और श्रेयस अय्यर ने साथ मिलकर दिल्ली कैपिटल्स को 2020 और पंजाब किंग्स को 2025 में आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया

बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। वहीं बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाए जाने पर खुशी जताई है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि वह लंबे समय से श्रेयस की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा करते हैं। पोंटिंग ने कहा, श्रेयस में टीम को आगे ले जाने की काबिलियत है और उन्हें यह जिम्मेदारी मिलना पूरी तरह से सही फैसला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रेयस कप्तान के रूप में भारतीय टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

रिकी पोंटिंग और श्रेयस अय्यर ने साथ मिलकर दिल्ली कैपिटल्स को 2020 और पंजाब किंग्स को 2025 में आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया। पोंटिंग को श्रेयस की नेतृत्व क्षमता पर इतना भरोसा था कि पंजाब किंग्स ने उन्हें बड़ी रकम देकर टीम में शामिल किया। हालांकि टीम अभी तक खिताब नहीं जीत पाई है, लेकिन श्रेयस की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने शानदार खेल दिखाया और फैंस के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।

रिकी पोंटिंग ने जताई खुशी


TOI से बातचीत में रिकी पोंटिंग ने कहा, "मैं ही उन्हें इस भूमिका के लिए समर्थन दे रहा था और भारतीय सेलेक्टर्स से कह रहा था कि अगर वे श्रेयस को यह जिम्मेदारी देते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि उन्हें निराशा होगी। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, यह उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। लंबे समय से की गई उनकी मेहनत को यह शानदार पहचान मिली है और मुझे पूरा विश्वास है कि वह भारतीय टीम के कप्तान के रूप में बेहतरीन काम करेंगे।" रिकी पोंटिंग के मुताबिक श्रेयस अय्यर समय के साथ एक अधिक समझदार और बेहतर कप्तान के रूप में उभरे हैं।

पोंटिंग ने कहा कि श्रेयस ने अपनी नेतृत्व क्षमता से लगातार खुद को साबित किया है, इसलिए भारतीय टीम की कप्तानी मिलना उनकी मेहनत और विकास का उचित सम्मान है। उन्होंने कहा कि मुंबई के इस बल्लेबाज ने अपने करियर में कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना किया है और हमेशा मजबूत होकर उभरे हैं। पोंटिंग के अनुसार, श्रेयस में कप्तानी संभालने की पूरी क्षमता है और वह इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए टीम के लिए अच्छे नतीजे हासिल कर सकते हैं।

अय्यर एक शानदार कप्तान

पोंटिंग ने कहा, "मुझे लगता है कि यह उन अहम बातों में से एक है, जिस पर भारतीय चयनकर्ताओं ने जरूर ध्यान दिया होगा कि श्रेयस ने दबाव भरे मौकों पर खुद को किस तरह संभाला है। क्योंकि जब आप भारतीय टीम के कप्तान होते हैं, तो यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी और दबाव वाला पद होता है। लेकिन श्रेयस ने ज्यादातर मौकों पर ऐसे कठिन हालात में अच्छा प्रदर्शन करने का रास्ता निकाला है। यही वजह है कि मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी के तौर पर वह इस भूमिका में पूरी तरह सफल रहेंगे।" वहीं मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के मुताबिक, श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी उनकी बेहतरीन नेतृत्व क्षमता और कप्तानी के अनुभव के कारण सौंपी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।