टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को मात देकर वर्ल्ड की तीसरी ट्रॉफी जीती। वहीं इस जीत में भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन का काफी योगदान था। वहीं भारत की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने बताया कि कैसे भारतीय टीम मैनेजमेंट के एक फैसले ने टीम को वर्ल्ड कप को जीतने में मदद की। रिकी पोंटिंग ने कहा कि संजू सैमसन को ओपनिंग पर भेजना और ईशान किशन को नंबर तीन पर बल्लेबाज़ी कराना भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बहुत फायदेमंद फैसला साबित हुआ।
इस बदलाव के बाद भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट का खिताब बचाने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब सीरीज के बाद सैमसन को ओपनिंग से हटना पड़ा था, लेकिन बाद में उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी दी गई और उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
संजू को लेकर पोंटिंग ने क्या कहा
रिकी पोंटिंग ने कहा कि संजू सैमसन को आगे बढ़ने में कप्तान और टीम मैनेजमेंट का पूरा समर्थन मिला। पोंटिंग ने आईसीसी से कहा, “ईशान किशन को नीचे भेजकर संजू सैमसन को फिर से ओपनिंग पर लाना एक बड़ा फैसला था, लेकिन आखिर में यह टीम के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुआ।” उन्होंने आगे कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर, और मैं ये एक कोच और पूर्व कप्तान के रूप में भी कह रहा हूं-आपको सिर्फ कप्तान और कोचिंग स्टाफ के समर्थन की जरूरत होती है। कई बार सिर्फ पीठ थपथपाना या कंधे पर हाथ रखकर यह कहना कि ‘हम तुम्हारे साथ हैं और हमें तुम पर भरोसा है’, यही बात खिलाड़ी को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए काफी होती है।”
'टॉप पर संजू की जरूरत है'
रिकी पोंटिंग ने आगे कहा, “जब आपके पास संजू सैमसन जैसी क्वालिटी हो और कप्तान व कोच का पूरा भरोसा भी मिले, तब बड़ी चीजें हासिल की जा सकती हैं। मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि पिछले कुछ हफ्तों में भारतीय टीम के अंदर क्या हुआ, लेकिन बाहर से देखने पर ऐसा ही लग रहा था।" उन्होंने आगे कहा, “ऐसा लगा जैसे टीम ने तय कर लिया था कि अगर हमें यह टूर्नामेंट जीतना है, तो हमें टॉप पर संजू की जरूरत है, जो अपने सर्वश्रेष्ठ खेल के साथ और पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करे। टीम को उनसे ठीक वैसा ही प्रदर्शन मिला।”
वर्ल्ड कप में संजू की पारी
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में नाबाद 97 रन बनाए और अपनी शानदार फॉर्म दिखाई। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं फाइनल में भी उन्होंने 89 रन बनाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत को 96 रन से जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। उनके बेहतरीन खेल के कारण उन्हें आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भी जगह मिली, जहां उनके साथ ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह भी शामिल थे।