भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वहीं दोनों सीरीज के लिए टीम का ऐलान हो गया है। वनडे सीरीज में शुभमन गिल को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं टी20 टीम और T20 वर्ल्ड कप 2026 में शुभमन गिल को जगह नहीं दी गई है। शुभमन गिल को टीम में शामिल नहीं किए जाने से हर कोई हैरान है। वहीं भारत के T20 वर्ल्ड कप 2026 से शुभमन गिल को बाहर रखे जाने पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने हैरानी जताई है।
ICC रिव्यू पर बातचीत में पोंटिंग ने कहा कि ये फैसला सिर्फ मौजूदा फॉर्म का मामला नहीं लगता, बल्कि इससे यह भी साफ होता है कि इस समय भारतीय क्रिकेट में ऑप्शन की गहराई कितनी ज्यादा है। उन्होंने माना कि इतनी मजबूत बेंच स्ट्रेंथ के कारण ऐसे कठिन चयन फैसले सामने आ रहे हैं।
रिकी पोंटिंग ने कहा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा था। मुझे पता है कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनका हालिया फॉर्म बहुत अच्छा नहीं रहा है, लेकिन पिछली बार जब मैंने उन्हें सच में खेलते हुए देखा था, वह यूके में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज थी। उस सीरीज में गिल ने जिस तरह की बल्लेबाजी की थी, वैसी शानदार बैटिंग उन्होंने बहुत कम खिलाड़ियों में देखी है।"
रिकी पोंटिंग ने आगे कहा, "भले ही ये फैसला उन्हें हैरान वाला लगा हो, लेकिन इससे ये भी साफ है कि भारत में टीम चयन कितना ज्यादा कॉम्पिटिटिव हो चुका है।" उनके मुताबिक, "अगर शुभमन गिल जैसे काबिल खिलाड़ी को भी वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिलती, तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय क्रिकेट के पास कितने बेहतरीन और क्वालिटी खिलाड़ी मौजूद हैं।"
टी20 में शुभमन का प्रदर्शन
एशिया कप के दौरान टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी के बाद से शुभमन गिल ने 15 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान उन्होंने 24.25 की औसत और 137.26 के स्ट्राइक रेट से कुल 291 रन बनाए। हालांकि इस समय में उनके बल्ले से कोई अर्धशतक या शतक नहीं निकला। उनका सबसे बड़ा स्कोर 47 रन रहा, जो उन्होंने पिछले साल 21 सितंबर को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था।