दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुई ट्रेड, ऋषभ पंत को हुआ करोड़ों का नुकसान

आईपीएल 2025 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। अब खिलाड़ी ट्रेड के बाद पंत 15 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं। वहीं, कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 13.5 करोड़ रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है

अपडेटेड Jun 23, 2026 पर 4:10 PM
आईपीएल में ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की टीमें अब बदल चुकी है

आईपीएल की दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंटस के बीच सबसे बड़ा ट्रेड हो चुका है। इस ट्रेड के साथ ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की टीमें अब बदल चुकी है। आईपीएल ने एक पोस्ट में बताया, लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स को ट्रांसफर कर दिया है, वहीं उनके बदले में दिल्ली ने स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स में भेज दिया है। पंत ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत दिल्ली फ्रेंचाइजी से की थी और अब वह दोबारा अपनी पुरानी टीम में लौट आए हैं। कुछ दिनों पहले ऋषभ पंत ने लखनऊ की कप्तानी छोड़ी थी।

लखनऊ-दिल्ली के बीच हुआ ट्रेड

आईपीएल 2025 के ऑक्शन में ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। ये आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली मानी गई थी। अब दिल्ली ने पंत को 15 करोड़ की कीमत पर साइन किया है। वहीं लखनऊ ने कुलदीप यादव एलएसजी ने 13.5 करोड़ की कीमत पर साइन किया है। आईपीएल के इतिहास के सबसे मंहगे खिलाड़ी ऋषभ पंत को आईपीएल 2027 से पहले बड़ा नुकसान हुआ है। इस डील से पंत को 12 करोड़ का नुकसान हुआ है।


दिल्ली के लिए 43 मैचों में की कप्तानी

ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी उनके आईपीएल सफर को एक बार फिर पुराने पड़ाव पर ले आई है। पंत ने 2016 से 2024 तक दिल्ली की टीम के लिए लगातार 9 सीजन खेले और इस दौरान 111 मैचों में हिस्सा लिया, जो फ्रेंचाइजी के लिए किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे ज्यादा मुकाबले हैं। वह लंबे समय तक टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे और 2021 से 2024 के बीच 4 सीजन में 43 मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाली। अब हालिया ट्रेड के बाद पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं। इस बार उनका अनुबंध 15 करोड़ रुपये का होगा। यानी रिकॉर्ड कीमत पर खरीदे जाने के बाद अब वह बदले हुए कॉन्ट्रैक्ट के साथ अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते नजर आएंगे।

लखनऊ में शामिल हुए कुलदीप

कुलदीप यादव ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए है। साल 2022 में दिल्ली से जुड़ने के बाद उन्होंने टीम के लिए लगातार बेहतरीन गेंदबाजी की और 65 मैचों में 72 विकेट अपने नाम किए। इसी प्रदर्शन की बदौलत वह आईपीएल के सबसे प्रभावी स्पिन गेंदबाजों में गिने जाने लगे। भारतीय सीमित ओवर टीम के प्रमुख गेंदबाजों में शामिल कुलदीप अब 13.5 करोड़ रुपये की मौजूदा सैलरी के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बनेंगे। उनकी एंट्री से लखनऊ की गेंदबाजी और मजबूत होने की उम्मीद है।

पिछले कुछ वर्षो में लखनऊ का प्रदर्शन

ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन पिछले दो सीजन में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। आईपीएल 2025 में टीम ने 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत दर्ज की और 8 मुकाबले गंवाकर अंक तालिका में 7वें स्थान पर रही। इसके बाद आईपीएल 2026 में टीम का प्रदर्शन और खराब हो गया, जहां लखनऊ ने 14 में से केवल 4 मैच जीते और 10 हार के साथ 8 अंक हासिल कर तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही। बल्लेबाजी में भी पंत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 2025 सीजन में 14 मैचों में 269 रन बनाए, जबकि 2026 में उनके बल्ले से 312 रन निकले, जिसमें सिर्फ 1 अर्धशतक शामिल था। यही वजह रही कि टीम और खिलाड़ी दोनों के लिए यह दौर निराशाजनक माना गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।