भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ में खेला जा रहा है। मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। वहीं पहले बैटिंग करने आई भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 564 रनों पर घोषित कर दी। मुकाबले में केएल राहुल और शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाया। वहीं बैटिंग करने आई अफगानिस्तान की टीम स्टंप्स तक 5 विकेट खोकर 113 रन बना ली है। वहीं भारत की बैटिंग के समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ऋषभ पंत का एक शॉट काफी वायरल हो रहा है।
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में ऋषभ पंत का एक शॉट चर्चा का विषय बन गया। पंत के बल्ले से निकली गेंद मैदान के ऊपर उड़ रहे ड्रोन से टकरा गई। शॉट लगने के बाद ड्रोन नीचे गिर गया। ये नजारा देखकर मैदान में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। वहीं पंत 81 रन बनाकर आउट हुए।
शुभमन गिल और केएल राहुल की शानदार शतकीय पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में मजबूत स्थिति हासिल की। टॉस जीतने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने की और दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। यशस्वी 24 रन बनाकर मोहम्मद सलीम का शिकार बन गए। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने बड़ी साझेदारियां करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन ने केएल राहुल का अच्छा साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। साई सुदर्शन ने 81 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन इसके बाद मोहम्मद सलीम ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए आए और राहुल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान केएल राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया, जबकि बाद में जियाउर रहमान ने उन्हें आउट कर उनकी पारी का अंत किया।
केएल राहुल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने तेजी से रन बनाना जारी रखा और टीम की पारी को मजबूती दी। इस दौरान ध्रुव जुरेल 19 रन बनाकर मोहम्मद सलीम का शिकार बने। इसके बाद ऋषभ पंत ने गिल का साथ दिया और दोनों ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। वहीं पंत की पारी का अंत हशमतुल्लाह शाहिदी ने किया। दूसरी ओर, अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए वाशिंगटन सुंदर और मानव सुथार समेत कुल छह विकेट हासिल किए। भारत ने अपनी पहली पारी में 564 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।