IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। ये मुकाबला वडोदरा के BCA स्टेडियम में खेला जाना है। वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। वहीं पहले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। प्रैक्टिस सेशन के दौरान ऋषभ पंत को चोट लग गई है। चोट लगने के बाद उन्हें थोड़ी देर के लिए ट्रीटमेंट लेना पड़ा था। ऋषभ पंत को शनिवार को हुए ऑप्शनल ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोट लगी। चोट लगने से पहले ऋषभ पंत बेहतरीन फॉर्म में थे। टीम के अन्य खिलाड़ी भी प्रैक्टिस के लिए मौजूद थे।
प्रैक्टिस के दौरान पंत को लगी चोट
नेट प्रैक्टिस के दौरान भारतीय थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट की गेंद पर बल्लेबाजी करते समय ऋषभ पंत को कमर के ऊपर चोट लग गई, जिससे उन्हें काफी दर्द हुआ। चोट लगने के बाद पंत दर्द से कराह उठे, जिसके बाद टीम के सपोर्ट स्टाफ तुरंत उनके पास पहुंचे। इस दौरान हेड कोच गौतम गंभीर और टीम के अन्य सदस्यों ने भी उनका हाल जाना और मौके पर ही उनका इलाज किया गया। शुरुआती इलाज के बाद ऋषभ पंत BCA स्टेडियम के ग्राउंड बी से बाहर चले गए। पंत की चोट कितनी गंभीर है, इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं सामने आई है। पंत हाल ही में दिल्ली के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेलते नजर आए थे।
गिल और अगरकर के बीच हुई लंभी बातचीत
इसी दौरान मैदान पर भारत के कप्तान शुभमन गिल को चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से वडोदरा से होगी। इस सीरीज का दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में होगा। ट्रेनिंग के दौरान पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे मोहम्मद सिराज को कुछ आसान बैटिंग टिप्स दिए। कुछ गेंदों पर सही शॉट न लगने पर रोहित ने उन्हें सलाह दी। भारत के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने नेट्स में केएल राहुल के साथ मिलकर बल्लेबाजी का प्रैक्टिस किया।