भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान अभी नहीं हुआ है। बीसीसीआई कुछ ही दिनों में टीम का ऐलान करेगी। वहीं इन मैचों में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज खेलते नजर आ सकते हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी भारत के लिए सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं, इसलिए जब भी वे वनडे में उतरते हैं तो काफी चर्चा होती है। विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती मैचों में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने दिखा दिया कि उनका फॉर्म अब भी अच्छा है।
इसके अलावा उन खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी जो वनडे टीम में वापसी कर सकते हैं। टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जो चोट के कारण पिछली साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच टी20 मुकाबले में उनको जगह नहीं दी गई है। भारतीय टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज किस खिलाड़ी को चुनना है ये बीसीसीआई के लिए आसान नहीं होगा। आइए जानते हैं कौन-कौन है रेस में
क्या ऋषभ पंत करेंगी वापसी
इसी बीच खबरें आ रही हैं कि ऋषभ पंत को टीम से पूरी तरह बाहर भी किया जा सकता है, जबकि उन्हें खुद को साबित करने के ज्यादा मौके नहीं मिले। गंभीर सड़क हादसे से वापसी के बाद पंत ने अब तक सिर्फ एक ही वनडे मैच खेला है, जो अगस्त 2024 में गौतम गंभीर के भारत के हेड कोच के रूप में पहले मैच के दौरान था। पंत 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा जरूर थे, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उन्हें प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला और टीम ने केएल राहुल को प्राथमिकता दी है। वहीं घरेलू क्रिकेट में भी पंत का प्रदर्शन खास नहीं रहा है। दिल्ली टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने अब तक चार विजय हजारे ट्रॉफी मैचों में सिर्फ 70 रन बनाए हैं।
ध्रुव जुरेल भी हो सकते हैं शामिल
मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक खेले गए चार मैचों में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उनका औसत 108 का रहा है और स्ट्राइक रेट भी 137.87 रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है। इसके अलावा वह पहले ही साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि अच्छे फॉर्म और हालिया अनुभव के चलते टीम में उनकी जगह बनी रह सकती है।
दूसरी तरफ ईशान किशन लगातार अपने प्रदर्शन से मजबूत दावा पेश कर रहे हैं। 2023–24 के साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान मानसिक थकान का हवाला देकर टीम से बाहर होने के बाद से वह चयन से दूर थे, लेकिन अब उन्होंने घरेलू क्रिकेट में जोरदार वापसी की है।। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार खेल दिखाने के बाद उनका भारत की T20I टीम में लौटना संभव हुआ। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 में झारखंड के लिए खेले गए एक मैच में उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों पर 125 रन की धमाकेदार शतकीय पारी खेली, जिससे साफ हो गया कि वह बड़ी पारियां खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
संजू सैमसन कर सकते है वापसी
एक और ऑप्शन के तौर पर संजू सैमसन का नाम भी चर्चा में आता है। उन्होंने दिसंबर 2023 में पार्ल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए खेलते हुए अपने आखिरी वनडे मैच में शानदार शतक लगाया था। हालांकि इसके बाद से उन्होंने कोई भी लिस्ट-A मुकाबला नहीं खेला है और अब इस बात को दो साल से ज्यादा का वक्त हो चुका है। इसी वजह से चयन के लिहाज से उनका दावा थोड़ा कमजोर माना जा रहा है, भले ही उनकी काबिलियत पर कोई सवाल नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले और टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन को शामिल किया गया है।