Rishabh Pant: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स के रास्ते अब अलग हो गए हैं। ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स का साथ सिर्फ दो सीजन तक ही चला। लखनऊ और दिल्ली कैपिटल्स ने एक बड़े ट्रेड समझौते के तहत अपने खिलाड़ियों की अदला-बदली कर ली है। इस डील के बाद ऋषभ पंत अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट गए हैं, वहीं स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़ गए है। इस फैसले को आईपीएल के सबसे चर्चित ट्रेड में से एक माना जा रहा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के बाद पंत ने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी टीम के लिए एक तीन वर्ड का एक पोस्ट शेयर किया है।
आईपीएल के सबसे मंहगे खिलाड़ी थे पंत
ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में अपनी टीम में शामिल किया था, जो टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी बोली मानी जाती है। अब खिलाड़ी अदला-बदली के तहत पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं, जहां उनकी नई फीस 15 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं, बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा रकम के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हो गए हैं। वहीं इस ट्रेड डील की वजह से पंत को काफी नुकसान हुआ। इस सौदे ने आईपीएल की टीमों के बीच खिलाड़ियों के बदलाव को लेकर काफी चर्चा बटोर ली है।
पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स को बेहद संक्षिप्त लेकिन भावुक अंदाज में अलविदा कहा। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिर्फ तीन शब्दों का संदेश, "थैंक यू टीम" शेयर किया। ये मैसेज उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की उस पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखा, जिसमें फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व कप्तान को टीम के लिए दिए गए योगदान और यादगार पलों के लिए धन्यवाद कहा था।
ऋषभ पंत ने अपने आईपीएल सफर की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स से की थी और करीब नौ साल तक टीम का अहम हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने टीम के लिए 111 मुकाबले खेले, जो दिल्ली की ओर से किसी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे अधिक मैचों का रिकॉर्ड है। शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ पंत ने नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभाई और 2021 से 2024 के बीच कई मैचों में टीम की कप्तानी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स का मार्गदर्शन किया।
कुलदीप के लिए दिल्ली ने किया पोस्ट
दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कुलदीप यादव के लिए एक खास संदेश साझा करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने लिखा, “प्रिय कुलदीप, पिछले पांच वर्षों में दिल्ली कैपिटल्स के लिए आपके योगदान के लिए धन्यवाद। आप हमारी टीम के बेहद महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं और आपकी कमी हमें जरूर महसूस होगी। आप एक शानदार खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि अपने नए सफर में भी आप बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”
पार्थ जिंदल ने आगे ऋषभ पंत की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, “ऋषभ, किरण और मैं दोनों आपको फिर से दिल्ली कैपिटल्स में देखकर बेहद खुश हैं। हमें उम्मीद है कि अपने पुराने घर लौटकर आप एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे।”
ऋषभ पंत का लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा। उनके टीम में रहने के दौरान लखनऊ एक भी बार प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी। वहीं, आईपीएल 2026 का सीजन टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में सबसे आखिरी स्थान पर रही। 2022 में आईपीएल में कदम रखने के बाद ये टीम का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन माना जा रहा है।