Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में भारत को आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब दिला चुके हैं। लेकिन आज भी रोहित शर्मा साल 2023 के वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार को भूल नहीं पाए हैं। साल 2023 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाया था, लेकिन खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा। ये हार भले ही दो साल से ज्यादा पुरानी हो चुकी है, लेकिन आज भी खिलाड़ियों और फैंस के दिल में ताजा है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में रोहित शर्मा ने कहा, उस हार को स्वीकार करना उनके लिए आसान नहीं था और वह पल आज भी उन्हें याद है। रोहित ने साफ कहा कि उनका मकसद साल 2027 वर्ल्ड कप जीतना है।
वर्ल्ड कप को लेकर रोहित ने क्या कहा
आईसीसी इवेंट के दौरान बात करते हुए रोहित शर्मा ने खुलकर बताया कि वनडे वर्ल्ड कप जीतना उनके लिए कितना खास है। उन्होंने कहा, “मैं जरूर अपने देश के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं। यह मेरा हमेशा से सपना रहा है। मैं 50 ओवर का वर्ल्ड कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं। उस समय न तो टी20 वर्ल्ड कप था और न ही आईपीएल, तब यही क्रिकेट का सबसे बड़ा मंच होता था, जो हर चार साल में आता था। इसलिए उस एक ट्रॉफी की बहुत अहमियत थी और उसे जीतने की बेचैनी भी। और हां, मुझे सच में वह ट्रॉफी चाहिए, इसलिए मैं अपनी पूरी ताकत और काबिलियत से कड़ी मेहनत करके उसे पाने की पूरी कोशिश करूंगा।”
वनडे फॉर्मेट में ही खेलते नजर आ रहे
38 साल के रोहित शर्मा अब सिर्फ वनडे (ODI) फॉर्मेट में खेलते हैं और उनका टारगेट अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप में अपना अधूरा सपना पूरा करना है। हालांकि इस बड़े टूर्नामेंट में उनका खेलना अभी तय नहीं है। अपनी तैयारी को मजबूत रखने और टीम में जगह पक्की करने के लिए रोहित ने घरेलू क्रिकेट में वापसी की है और खास तौर पर विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लिया।
टीम इंडिया के लिए उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के साथ-साथ वह घरेलू मैचों में भी खुद को फिट और तैयार रखने की कोशिश कर रहे हैं। रोहित शर्मा अब अगली बार आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे। इसके बाद वह जुलाई में भारतीय क्रिकेट टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर टीम में वापसी करेंगे।