भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा अभी भी वनडे टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। इसी वजह से उन्हें जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किए जाने की उम्मीद है। वनडे क्रिकेट में उनके लंबे भविष्य को लेकर चर्चा लगातार जारी है। ऐसे में इंग्लैड के खिलाफ होने वाला मुकाबले उनके लिए भी काफी अहम माना जा रहे हैं। रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर क्रिकेट जगत में अलग-अलग राय सामने आ रही है।
कई लोगों के मुताबिक, उनके अनुभव और शानदार बल्लेबाजी को देखते हुए उन्हें अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की टीम में होना चाहिए। वहीं, कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका देने का समय आ गया है। रोहित की बढ़ती उम्र और फिटनेस को लेकर भी लगातार चर्चा हो रही है।
भारत के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, रोहित शर्मा ने अपने करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, इसलिए उनके भविष्य का फैसला भी वही करें। वेंगसरकर ने कहा, "उन्होंने (रोहित) भारत और अपने लिए बहुत अच्छा किया है। ये उन पर निर्भर करता है। वह पिछले (लगभग) 20 सालों से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं और मुझे यकीन है कि उन्हें सबसे अच्छी तरह पता है कि चीजों को कैसे करना है।"
वर्ल्ड खेलने को लेकर क्या कहा
जहां दिलीप वेंगसरकर के मुताबिक, रोहित शर्मा को अपने भविष्य का फैसला खुद करना चाहिए, वहीं पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर की राय इससे अलग है। उनके अनुसार, रोहित को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होना चाहिए। सोनी स्पोर्ट्स से बात करते हुए मांजरेकर ने कहा, "50 ओवर में ओपनिंग करना मजेदार है। ये एक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम है। मुझे लगता है कि ये आपको ऐसे खिलाड़ी को देना चाहिए जो अपने प्राइम में हो और जिसके पास और 5-10 साल हों। अगर आप सिर्फ रोहित शर्मा के बारे में सोच रहे हैं, तो ये सही नहीं है। आपको भारतीय क्रिकेट, भारतीय क्रिकेट के भविष्य के बारे में सोचना होगा। उस हिसाब से, मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा (वन-डे) टीम में मेरी पसंद होंगे।"
अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित की पारी
रोहित शर्मा ने अब तक 285 वनडे मैचों में 11,720 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 33 शतक और 62 अर्धशतक भी निकले हैं। रोहित शर्मा ने अपना पिछला वनडे मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेला था। उस तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीन पारियों में कुल 143 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 69 गेंदों में 79 रन की तेज पारी भी खेली, जिससे उन्होंने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया।