इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। आईपीएल का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले आरसीबी को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबट ने ये जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि, दयाल इस समय निजी समस्याओं से जूझ रहे हैं, इसलिए वह इस सीजन टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
आरसीबी की टीम कप्तान रजत पाटीदार के अगुवाई में में खिताब बचाने की तैयारी में उतरेगी। हालांकि, इसी दौरान यश दयाल का अचानक टीम से दूर रहना सबके लिए चर्चा का विषय बन गया और उनकी गैरमौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींच लिया। दयाल 18 मार्च से कैंप और प्रैक्टिस में नजर नहीं आए हैं।
आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबट ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम सिर्फ इतना साफ करना चाहते हैं कि यश इस समय टीम के साथ नहीं होंगे। वह फिलहाल अपनी निजी परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। हम अब तक उनके साथ खड़े रहे हैं, जैसा कि रिटेंशन के समय भी दिखा था।” उन्होंने आगे कहा, “हम उन्हें टीम में बनाए रखना चाहते थे और वह अभी भी कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा हैं। फिलहाल उम्मीद है कि वह आगे भी इसी कॉन्ट्रैक्ट में बने रहेंगे।”
हम लगातार उनसे संपर्क में-बोबट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके खिलाफ कई उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें आने के बाद टीम ने उन्हें अलग रखने का फैसला लिया है। हाल ही में शादी करने वाले यश दयाल पर दो महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं, जिनमें एक नाबालिग भी बताई जा रही है। इस मामले पर मो बोबट ने कहा कि फ्रेंचाइजी ने उनसे बातचीत के लिए दरवाजे खुले रखे हैं। बोबट ने कहा, “हम लगातार उससे संपर्क में हैं, आज सुबह भी मेरी उससे बात हुई थी। लेकिन फिलहाल यह फैसला लिया गया है कि उनका टीम के साथ जुड़ना अभी उनके और फ्रेंचाइजी, दोनों के लिए सही नहीं है।”
कॉन्ट्रैक्ट में रहेंगे यश
उन्होंने आगे कहा, “अभी हम इस मामले पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। इतना जरूर है कि उसे हमारा पूरा समर्थन है, वह अभी भी कॉन्ट्रैक्ट में है और जब वह अपनी पर्सनल स्थिति से बाहर आएगा, तब हम उससे बात जारी रखेंगे।” क्रिकेट डायरेक्टर ने साफ किया कि यश दयाल की गैरमौजूदगी में टीम के पास उनकी जगह भरने के लिए पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं।