IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले पिछले साल की डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने होम ग्राउंड को लेकर चर्चा में हैं। आरसीबी अपने घरेलू मुकाबले एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। आरसीबी अपने होम मैच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बजाय किसी दूसरे वेन्यू पर खेलती हुई नजर आएगी। रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी आगामी सीजन में अपने होम मैच दो वेन्यू पर खेल सकती है। जानकारी के मुताबिक, अगले सीजन में आरसीबी अपने होम वेन्यू मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शाहीन वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है।
RCB और RR का बदला होम वेन्यू
TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, "RCB आईपीएल 2026 के दौरान नवी मुंबई में पांच और रायपुर में दो घरेलू मुकाबले खेलेगी। RCB प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक के बाद इस व्यवस्था को हाल ही में अंतिम रूप दिया है।" वहीं दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स अपने होम मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। बता दें पिछले साल आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने संकेत दिया था कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा समय पर चुनाव न कराए जाने की वजह से राजस्थान रॉयल्स को अपने घरेलू मैचों की मेजबानी गंवानी पड़ सकती है।
अबू धाबी में IPL मिनी-ऑक्शन के बाद धूमल ने कहा, “हमने पिछले साल ही RCA को बता दिया था कि अगर आप ये चुनाव नहीं करा पाते हैं, तो हमारे लिए वहां टूर्नामेंट कराना मुश्किल होगा।”
4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल जीत की परेड के दौरान स्टेडियम के बाहर हुई दर्दनाक भगदड़ के बाद से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित नहीं किया गया है। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी और करीब 50 लोग घायल हुए थे। इसके बाद से स्टेडियम को लेकर कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन राज्य सरकार के साथ लगातार बैठकें कर रहा है, ताकि स्टेडियम में एक बार फिर उच्च स्तर का क्रिकेट लौट सके।
इंटरनेशनल मैच के लिए सेफ नहीं स्टेडियम
पिछले दिसंबर में कर्नाटक सरकार ने सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी के मैच कराने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद ये मुकाबले BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शिफ्ट कर दिए गए थे। वहीं, भगदड़ की घटना के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी’कुन्हा की रिपोर्ट में भी स्टेडियम को बड़ी संख्या में दर्शकों के लिए बेहद असुरक्षित बताया गया, जिससे यहां बड़े मैचों के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए।