Sachin Tendulkar: सचिन तेंदुलकर ने लोनावाला में खरीदी करोड़ो की प्रॉपर्टी, 3.86 एकड़ जमीन के लिए खर्च किए ₹70 करोड़

भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लोनावाला में एक बड़ी जमीन खरीदी है। रिपोर्ट के मुताबिक,सचिन ने लोनावाला के मावल तालुका में 70 करोड़ रुपये में 3.86 एकड़ जमीन खरीदी है

अपडेटेड Sep 08, 2026 पर 3:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
साल 2026 में सचिन तेंदुलकर को सबसे अमीर क्रिकेटरों की लिस्ट में शीर्ष पर है

'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लोनावाला में एक बड़ी जमीन खरीदी है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मावल तालुका में करीब 3.86 एकड़ जमीन के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ये सौदा सचिन की रियल एस्टेट से जुड़ी संपत्तियों में एक और बड़ा इजाफा है। साल 2013 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सचिन तेंदुलकर ने अपनी कमाई और निवेश को नए क्षेत्रों में बढ़ाया है। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने अलग-अलग जगहों पर निवेश (इनवेस्ट) किया, जिसमें रियल एस्टेट भी शामिल है।

सचिन ने खरीदी नई प्रॉपटी

जैपकी के डेटा के आधार पर सामने आई इस जानकारी के मुताबिक, सचिन तेंदुलकर ने लोनावाला के मावल तालुका में 70 करोड़ रुपये में 3.86 एकड़ जमीन खरीदी है। सचिन की ये प्रॉपर्टी डील तीन अलग-अलग रजिस्ट्रेशन के जरिए पूरी हुई। इसमें जमीन के साथ करीब 2,100 वर्ग फीट का पहले से बना हुआ ढांचा भी शामिल है। बताया गया कि 3.09 एकड़ जमीन के लिए 63.69 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि बाकी दो हिस्सों के लिए क्रमशः 4.56 करोड़ और 1.75 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इस तरह पूरी डील करीब 70 करोड़ रुपये की बताई जा रही है।


सचिन की कितनी है हिस्सेदारी

रिपोर्ट के मुताबिक, डाक्यूमेंट्स में सचिन तेंदुलकर को 3.09 एकड़ जमीन का पूरा मालिक बताया गया है, जबकि बाकी दो हिस्सों में उनकी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ये जमीन उन्होंने नंदन धनंजय मेहता और विवस्वत धनंजय मेहता से खरीदी है। इस सौदे के लिए सचिन ने करीब 4.20 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी और 90 हजार रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस भी जमा की है।

170 मिलियन डॉलर है संपत्ति

साल 2026 में सचिन तेंदुलकर को सबसे अमीर क्रिकेटरों की लिस्ट में शीर्ष पर है और उनकी कुल संपत्ति करीब 170 मिलियन डॉलर आंकी गई है। लोनावाला की नई जमीन के अलावा मुंबई के बांद्रा इलाके में भी उनका एक आलीशान बंगला है, जो करीब 6,000 वर्ग फीट में फैला हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, सचिन ने इस संपत्ति के लिए 2007 में करीब 39 करोड़ रुपये खर्च किए थे और बाद में यहां नया बंगला बनवाया। सचिन के पास मुंबई में भी कई महंगी संपत्तियां हैं।

इनमें बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के रुस्तमजी सीजन्स में करीब 1,600 वर्ग फीट का एक अपार्टमेंट शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने इसे 2018 में करीब 7.15 करोड़ रुपये में खरीदा था और यह उनकी पत्नी के नाम पर है। इसके अलावा, सचिन के पास सेंट्रल लंदन में भी एक घर होने की जानकारी सामने आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।