इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के ओपनर बल्लेबाज साई सुदर्शन के साथ एक ऐसा वाकया हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) के खिलाफ खेले गए इस नॉकआउट मुकाबले में साई सुदर्शन बेहद अनोखे और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट आउट हुए। आरसीबी द्वारा दिए गए 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मौजूदा ऑरेंज कैप होल्डर साई सुदर्शन गुजरात को एक मजबूत शुरुआत देते दिख रहे थे। उन्होंने महज 9 गेंदों में 3 शानदार चौके जड़कर 14 रन बना लिए थे, लेकिन तभी किस्मत ने उनका साथ छोड़ दिया। सोशल मीडिया पर अब इस अजीबोगरीब विकेट का 31 सेकेंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे आईपीएल इतिहास के सबसे अनलकी मोमेंट्स में से एक के तौर पर हमेशा याद रखा जाएगा।
यह पूरा वाकया गुजरात टाइटंस की पारी के तीसरे ओवर के दौरान हुआ, जब आरसीबी के गेंदबाज जैकब डफी गेंदबाजी कर रहे थे। जैकब डफी ने सुदर्शन को एक शॉर्ट-ऑफ-द-लेंथ डिलीवरी फेंकी। गेंद उनसे बाहर की तरफ एंगल हो रही थी। बाएं हाथ से खेलने वाले साई सुदर्शन कट करते हुए गेंद को पॉइंट के फील्डर के पास से निकाल दिया। शॉट खेलने के बाद जब साई सुदर्शन रन लेने के लिए आगे बढ़े, तो एक बेहद ही हैरान करने वाला घटनाक्रम देखने को मिला। शॉट पूरा करने के दौरान उनका बल्ला उनके हाथों से फिसल गया। हवा में उछलकर बल्ला उनके पीछे गिरा और वहां से सीधा स्टंप्स से जा टकराया। फिर उनकी गिल्लियां बिखर गईं।
शुरुआत में सुदर्शन को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि पीछे क्या हुआ है। वह रन लेने के लिए क्रीज से आगे निकल चुके थे, लेकिन जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो स्टंप्स की गिल्लियां गिर चुकी थीं। यह देखकर वह पूरी तरह अवाक रह गए। वह केवल अविश्वास के साथ स्टंप्स को निहारते रह गए और महज 14 रन बनाकर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। यह क्रिकेट इतिहास के सबसे दुर्भाग्यपूर्ण और अजीब विकेटों में से एक के रूप में दर्ज हो गया है।
यहां देखें साई सुदर्शन के हिट विकेट होने का वो 31 सेकेंड का वीडियो:
रजत पाटीदार के तूफान से आरसीबी ने बनाया 254 रनों का पहाड़
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। आरसीबी ने बैटिंग का शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 254/5 का विशाल स्कोर बनाया। आरसीबी की इस विशाल पारी के सबसे बड़े हीरो उनके कप्तान रजत पाटीदार रहे। पाटीदार ने महज 33 गेंदों का सामना करते हुए 9 छक्कों की मदद से 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने आखिरी के 6 ओवरों में 114 रन कूट डाले। हालांकि पारी के दौरान पाटीदार को दो जीवनदान भी मिले।
आरसीबी के लिए वेंकटेश अय्यर की तेज शुरुआत के बाद विराट कोहली (43 रन) और देवदत्त पडिक्कल (30 रन) ने एक बेहद मजबूत आधार तैयार किया था। मिडिल ओवर्स में गुजरात टाइटंस के गेंदबाज राशिद खान और जेसन होल्डर ने विकेट चटकाकर मैच पर कुछ समय के लिए दबाव जरूर बनाया लेकिन कप्तान पाटीदार ने क्रुणाल पांड्या (43 रन) के साथ मिलकर 95 रनों की ताबड़तोड़ पार्टनरशिप की और गुजरात के गेंदबाजों पर जोरदार पलटवार करते हुए टीम को 254 के स्कोर तक पहुंचा दिया। विशाल लक्ष्य के दबाव के बीच साई सुदर्शन का इस तरह अजीब और अनलकी तरीके से आउट होना गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुआ।