इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के ओपनर बल्लेबाज साई सुदर्शन के साथ एक ऐसा वाकया हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) के खिलाफ खेले गए इस नॉकआउट मुकाबले में साई सुदर्शन बेहद अनोखे और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट आउट हुए। आरसीबी द्वारा दिए गए 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मौजूदा ऑरेंज कैप होल्डर साई सुदर्शन गुजरात को एक मजबूत शुरुआत देते दिख रहे थे। उन्होंने महज 9 गेंदों में 3 शानदार चौके जड़कर 14 रन बना लिए थे, लेकिन तभी किस्मत ने उनका साथ छोड़ दिया। सोशल मीडिया पर अब इस अजीबोगरीब विकेट का 31 सेकेंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे आईपीएल इतिहास के सबसे अनलकी मोमेंट्स में से एक के तौर पर हमेशा याद रखा जाएगा।
