'हम उनकी ड्रेसिंग रूम की ओर गए, लेकिन...' टीम इंडिया से हैंडशेक विवाद पाक कप्तान का बड़ा बयान

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के दौरान हुए हैंडशेक विवाद पर पाकिस्तान टी20 कप्तान सलमान अली आगा ने खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि मैच रेफरी ने पहले ही उन्हें बता दिया था कि भारतीय टीम हाथ नहीं मिलाएगी। यह मामला उस समय काफी चर्चा में रहा था

अपडेटेड May 02, 2026 पर 4:08 PM
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने इस पर खुलकर बात की

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा काफी तनाव और रोमांच से भरे रहते हैं। पिछले साल एशिया कप के दौरान भी ऐसा ही माहौल देखने को मिला था, जिसकी चर्चा अब तक हो रही है। एशिया कप 2025 के मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया था। वहीं अब हाल ही में एक इंटरव्यू में पाकिस्तान टी20 टीम के कप्तान सलमान आगा ने हैंडशेक विवाद पर खुलकर बात की है। सलमान ने बताया कि मैच रेफरी ने पहले ही उन्हें भारतीय टीम के हैंडशेक न करने के बारे में बता दिया था। आइए जानते हैं पाकिस्तानी कप्तान ने क्या कहा

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बताया कि उनके मुताबिक "हैंडशेक विवाद" कैसे शुरू हुआ।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलाया था हाथ


सलमान अली आगा से एक पॉडकास्ट में इस मुद्दे पर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाथ मिलाया गया था। ट्रॉफी के फोटोशूट के दौरान भी हमने हाथ मिलाया। इसलिए जब मैं टॉस के लिए गया, तो मैं पूरी तरह नॉर्मल था। मुझे पता था कि माहौल नॉर्मल नहीं होगा, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि बात यहां तक पहुंच जाएगी कि खिलाड़ी हाथ ही नहीं मिलाएंगे। इसकी मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।"

हम पवेलियन की तरफ जा रहे थे...

सलमान अली आगा ने आगे कहा, "मैं अपने मीडिया मैनेजर नईम भाई के साथ टॉस के लिए गया था। वहां मैच रेफरी ने मुझे एक तरफ ले जाकर कहा, ‘वे हाथ नहीं मिलाएंगे, इसलिए कृपया इसका ध्यान रखें।’ मैंने जवाब दिया, ‘अगर वे हाथ नहीं मिलाना चाहते तो कोई बात नहीं।’ ऐसा नहीं था कि मैं हाथ मिलाने के लिए बहुत एक्साइटेड था। उन्होंने मुझे पहले ही बता दिया था कि ऐसा होने वाला है। मैच खत्म होने के बाद जब हम हार गए, तब भी हम हाथ मिलाने के लिए उनके पवेलियन की तरफ जा रहे थे, लेकिन फिर भी वे..."

हम देश को रिप्रेजेंट करते हैं

सलमान आगा ने इस मामले पर अपनी राय रखते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि ऐसी चीजें सही हैं। जब हम अपने देश को रिप्रेजेंट करते हैं, तो लोग हमें देखते हैं। बच्चे भी खिलाड़ियों से सीखते हैं। अगर अगले दिन कोई बच्चा क्लब मैच में ऐसा व्यवहार करता है, तो कहीं न कहीं उसकी वजह हम ही होंगे, क्योंकि हम उसके लिए रोल मॉडल हैं। मेरा मानना है कि खिलाड़ियों को ऐसी चीजों से बचना चाहिए और मैदान पर सही उदाहरण पेश करना चाहिए।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।