विंबलडन 2026 के शुरू होने से पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने क्रिकेट और टेनिस से जुड़ी दिलचस्प बातें शेयर कीं है। उन्होंने क्रिकेट के कुछ दिग्गज खिलाड़ियों और मौजूदा टेनिस सितारों के बीच समानताओं पर भी अपनी राय रखी। इसके साथ ही उन्होंने बड़े टूर्नामेंटों में दबाव से निपटने के अनुभवों पर भी खुलकर चर्चा की है। विंबलडन से पहले एक बातचीत के दौरान संजू सैमसन से पूछा गया कि टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर की तुलना वह किस क्रिकेटर से करेंगे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने तुरंत कहा एमएस धोनी।
संजू ने कहा कि धोनी और फेडरर दोनों में एक जैसी शालीनता, आत्मविश्वास और दबाव में शांत रहने की खासियत देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह फेडरर अपने खेल में सहजता दिखाते थे, उसी तरह धोनी भी मैदान पर हमेशा संयमित और संतुलित नजर आते थे।
विराट की इस खिलाड़ी से की तुलना
संजू सैमसन ने JioStar से बातचीत में कहा, "अगर क्रिकेट में किसी खिलाड़ी की तुलना रोजर फेडरर से की जाए, तो वह एमएस धोनी होंगे। वह जिस तरह अपना खेल खेलते हैं, उसमें गजब की शांति और स्थिरता दिखाई देती है। जब धोनी प्रदर्शन करते हैं, तो सब कुछ बेहद सहज लगता है, लेकिन उसका असर बहुत बड़ा होता है।" सैमसन ने इसके अलावा विराट कोहली और स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज के बीच भी समानता बताई। उन्होंने कहा, "कार्लोस अल्काराज काफी एग्रेसिव और एनर्जी से भरपूर खिलाड़ी हैं, बिल्कुल वैसे ही जैसे विराट कोहली अपने करियर के शुरुआती दौर में थे। मुझे लगता है कि विराट की तुलना अल्काराज से की जा सकती है। दोनों के खेल में जबरदस्त आक्रामकता, ताकत और विस्फोटक अंदाज देखने को मिलता है।"
वनडे वर्ल्ड कप जीतने पर कही ये बात
संजू सैमसन ने उस दौर को याद किया जब भारतीय क्रिकेट ने लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल की थीं। उन्होंने कहा कि पहले भारतीय महिला टीम ने अपना पहला वनडे विश्व कप जीता और कुछ समय बाद पुरुष टीम ने टी20 विश्व कप जीतकर देश को जश्न मनाने का एक और मौका दिया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे संजू सैमसन ने उस यादगार जीत को याद करते हुए कहा, "हम सभी फाइनल मुकाबला देख रहे थे। मेरे परिवार के लोग और दोस्त भी टीवी के सामने बैठे हुए थे। यह पूरे देश के लिए बेहद खास पल था, क्योंकि हम लंबे समय से इस सफलता का इंतजार कर रहे थे।"
ऑस्ट्रेलिया दुनिया की मजबूत टीम थी
भारतीय महिला टीम इस समय इंग्लैंड में खेले जा रहे टी20 विश्व कप में हिस्सा ले रही है और उसका अगला बड़ा मुकाबला 6 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से है। इस बीच संजू सैमसन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की उपलब्धियों की तारीफ करते हुए कहा, "ऑस्ट्रेलिया के लिए हमारे मन में हमेशा काफी सम्मान रहा है। जब हम बड़े हो रहे थे, तब ऑस्ट्रेलिया दुनिया की सबसे मजबूत क्रिकेट टीमों में से एक थी और लगातार शानदार प्रदर्शन करती थी। शायद यही वजह है कि भारतीय खिलाड़ी और फैंस आज भी उनकी टीम का इतना सम्मान करते हैं।" उन्होंने ये भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय क्रिकेट का स्तर काफी ऊपर गया है और अब भारत भी दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में गिना जाता है।
संजू सैमसन ने कहा, "एक समय ऐसा था जब लगभग हर विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ही खिताब जीतता नजर आता था। लेकिन अब परिस्थितियां काफी बदल चुकी हैं। आज हम चैंपियन हैं और उसी आत्मविश्वास और सोच के साथ मैदान पर उतरते हैं। इसके बावजूद एक प्रतिद्वंद्वी टीम के रूप में ऑस्ट्रेलिया के लिए हमारे मन में हमेशा सम्मान रहेगा।"