Get App

'धोनी जैसे कोई नहीं और विराट...', दिल खोलकर बोले संजू सैमसन, दोनों खिलाड़ियों को लेकर कही ये बात

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने क्रिकेट और टेनिस को लेकर दिलचस्प बातें साझा कीं। संजू सैमसन ने एमएस धोनी को क्रिकेट का रोजर फेडरर बताया तो वहीं, विराट कोहली की तुलना टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज से की

Edited By: Ankita Pandeyअपडेटेड Jun 22, 2026 पर 11:01 PM
'धोनी जैसे कोई नहीं और विराट...', दिल खोलकर बोले संजू सैमसन, दोनों खिलाड़ियों को लेकर कही ये बात
संजू ने कहा कि धोनी और फेडरर दोनों में एक जैसी शालीनता, आत्मविश्वास और दबाव में शांत रहने की खासियत देखने को मिलती है

विंबलडन 2026 के शुरू होने से पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने क्रिकेट और टेनिस से जुड़ी दिलचस्प बातें शेयर कीं है। उन्होंने क्रिकेट के कुछ दिग्गज खिलाड़ियों और मौजूदा टेनिस सितारों के बीच समानताओं पर भी अपनी राय रखी। इसके साथ ही उन्होंने बड़े टूर्नामेंटों में दबाव से निपटने के अनुभवों पर भी खुलकर चर्चा की है। विंबलडन से पहले एक बातचीत के दौरान संजू सैमसन से पूछा गया कि टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर की तुलना वह किस क्रिकेटर से करेंगे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने तुरंत कहा एमएस धोनी।

संजू ने कहा कि धोनी और फेडरर दोनों में एक जैसी शालीनता, आत्मविश्वास और दबाव में शांत रहने की खासियत देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह फेडरर अपने खेल में सहजता दिखाते थे, उसी तरह धोनी भी मैदान पर हमेशा संयमित और संतुलित नजर आते थे।

विराट की इस खिलाड़ी से की तुलना

संजू सैमसन ने JioStar से बातचीत में कहा, "अगर क्रिकेट में किसी खिलाड़ी की तुलना रोजर फेडरर से की जाए, तो वह एमएस धोनी होंगे। वह जिस तरह अपना खेल खेलते हैं, उसमें गजब की शांति और स्थिरता दिखाई देती है। जब धोनी प्रदर्शन करते हैं, तो सब कुछ बेहद सहज लगता है, लेकिन उसका असर बहुत बड़ा होता है।" सैमसन ने इसके अलावा विराट कोहली और स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज के बीच भी समानता बताई। उन्होंने कहा, "कार्लोस अल्काराज काफी एग्रेसिव और एनर्जी से भरपूर खिलाड़ी हैं, बिल्कुल वैसे ही जैसे विराट कोहली अपने करियर के शुरुआती दौर में थे। मुझे लगता है कि विराट की तुलना अल्काराज से की जा सकती है। दोनों के खेल में जबरदस्त आक्रामकता, ताकत और विस्फोटक अंदाज देखने को मिलता है।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें