आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। बीसीसीआई ने पहले 20 मैचों के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। वहीं बाकि के मैचों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। वहीं आईपीएल 2026 में इस बार भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच हुए ट्रेड में सैमसन को करीब 18 करोड़ रुपये में चेन्नई की टीम में शामिल किया गया था।
संजू सैमसन के लिए सीएसके आईपीएल की तीसरी टीम होगी। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। सैमसन ने कहा कि एमएस धोनी का उनके करियर पर हमेशा अच्छा असर रहा है और उनके साथ समय बिताकर खेल से बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।
चेन्नई की ओर से खेलने पर क्या कहा
संजू सैमसन ने PTI से कहा, “मैंने माही भाई से पहले भी कई बार बात की है और भारतीय टीम में उन्हें करीब से देखा है, लेकिन यह पहली बार होगा जब हम लगभग दो महीने एक साथ बिताएंगे, इसलिए मैं काफी एक्साईटेड हूं।” सैमसन ने आगे कहा, “जब भी वह मुझे कॉल करते हैं या मुझसे बात करते हैं, तो उसका मुझ पर हमेशा पॉजिटिव असर होता है। अब दो महीने तक एक ही टीम में उनके साथ रहने का मौका मिलेगा, जो मेरे लिए खास होगा। जिस तरह से वह खेल को समझते हैं, उसे करीब से देखना और उससे सीखना मेरे लिए एक शानदार मौका है।”
वर्ल्ड कप में संजू की पारी
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई और अब वह इसी आत्मविश्वास के साथ आईपीएल 2026 में उतरने वाले हैं। टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांच मैचों में 321 रन बनाए और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। संजू ने वर्ल्ड कप में वेस्ट इंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए, इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन की अहम पारी खेली। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने 89 रन बनाकर टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया और उन्हें आईसीसी टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भी जगह मिली।