वनडे से बाहर हो सकते हैं ऋषभ पंत! T20 के बाद अब ODI में इस खिलाड़ी की होगी वापसी

आईपीएल 2026 में खराब फॉर्म से जूझ रहे ऋषभ पंत को लेकर बड़ी खबर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वनडे टीम से ऋषभ पंत की छुट्टी हो सकती है। चयनकर्ता आने वाले बड़े टूर्नामेंट को देखते हुए विकेटकीपर के दूसरे विकल्पों पर भी ध्यान दे रहे हैं

अपडेटेड Apr 30, 2026 पर 5:06 PM
Story continues below Advertisement
भारत जून में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगा

आईपीएल 2026 के दौरान टीम इंडिया से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए भारतीय वनडे टीम में बदलाव हो सकता है। आईपीएल में खराब फॉर्म से जूझ रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की वनडे टीम से छुट्टी हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन और युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरेल को भी मौका देने पर विचार कर रहा है। वहीं सैमसन को केएल राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के रूप में तैयार किया जा रहा है।

संजू को मिल सकता है मौका

दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट के एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि, संजू सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है। उन्होंने आठ मैचों में दो शतक सहित कुल 304 रन बनाए हैं। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीत के समय से उनकी बेहतरीन फॉर्म जारी है, जहां उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था।


भारतीय टीम करेगी वर्ल्ड कप की तैयारी

भारत अब अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू करने वाला है, जिसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल चयन की दौड़ में संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत से आगे चल रहे हैं। इसी बीच भारत जून में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगा।

पंत-संजू का प्रदर्शन

ऋषभ पंत ने आखिरी बार अगस्त 2024 में वनडे मैच खेला था। पंत ने अब तक 27 पारियों में 33.50 की औसत से 871 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। वहीं संजू सैमसन का रिकॉर्ड इससे बेहतर रहा है, उन्होंने 16 वनडे मैचों में 56.66 की शानदार औसत से 510 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं।

सैमसन ने अपना आखिरी वनडे दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था, जहां उन्होंने 114 गेंदों में 108 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी।

पंत का आईपीएल का प्रदर्शन

भारत ने आखिरी बार जनवरी में वनडे सीरीज खेली थी। इस सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी। इस सीरीज के लिए ऋषभ पंत चुने गए थे, लेकिन चोट (साइड स्ट्रेन) के कारण वह मैच से पहले ही बाहर हो गए और उनकी जगह ध्रुव जुरेल को मौका मिला। इसके बाद पंत आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी के तौर पर वापसी की। वहीं आईपीएल में अब तक 8 पारियों में पंत ने सिर्फ 189 रन बनाए हैं और केवल एक बार ही 50 रन पार कर पाए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।