टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया था। संजू सैमसन को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड भी मिला। हाल ही में संजू सैमसन बीसीसीआई द्वारा आयोजित नमन अवॉर्ड्स समारोह में शामिल हुए। संजू सैमसन ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के दौरान उनका ध्यान अपनी बल्लेबाजी पर ज्यादा था। लेकिन सुपर-8 में जब उन्हें ज़िम्बाब्वे के खिलाफ ओपनिंग करने के लिए कहा गया, तो उनकी सोच बदल गई। इसके बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन से ज्यादा टीम के लिए बेहतर खेलने पर ध्यान देना शुरू कर दिया।
संजू सैमसन ने दिल्ली में बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स समारोह में कहा, “मैं कुछ खास करना चाहता था, लेकिन बीच में मेरी लय टूट गई। फिर अचानक टीम ने मुझसे आकर योगदान देने को कहा और उसी समय मेरी सोच बदल गई। उससे पहले न्यूजीलैंड सीरीज में मेरा ध्यान सिर्फ अपने खेल पर था, लेकिन वर्ल्ड कप में मेरा फोकस पूरी तरह टीम पर था। मैंने सोचा कि टीम को मुझसे क्या चाहिए। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से ही सब चाहते थे कि मैं टीम के लिए योगदान दूं। "
उन्होंने आगे कहा, "मुझे अपना एक रोल निभाना था। उसी पल से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा और मैंने खुद से कहा कि टीम को मेरी जरूरत है, इसलिए मुझे वही करना है जो मैं सबसे अच्छा कर सकता हूं। वहीं से सब कुछ शुरू हुआ। मेरे पास अनुभव था और मैं मानसिक व शारीरिक रूप से भी तैयारी कर रहा था, इसलिए मुझे पता था कि मैं पूरी तरह तैयार हूं।”
संजू सैमसन ने कहा कि भारत को ट्रॉफी जीते हुए सात दिन हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि यह सब सच में हुआ है। उन्होंने कहा, “अभी भी ऐसा नहीं लग रहा कि यह सच है। जब भी सुबह उठता हूं तो मन में यही आता है कि यह हुआ क्या?” संजू सैमसन ने कहा कि भारत की टीम अभी रुकने वाली नहीं है और आगे भी देश को बड़ी सफलताएं मिलती रहेंगी। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि आने वाले सालों में हमारे देश में जिस तरह के खिलाड़ी सामने आ रहे हैं, उसे देखते हुए ऐसी जीत दोहराई जाएगी। ये सिर्फ कभी-कभार होने वाली बात नहीं होगी। इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ी आ रहे हैं, इसलिए भारत निश्चित तौर पर भविष्य में भी ऐसी उपलब्धियां बार-बार हासिल करेगा।”
वर्ल्ड कप में संजू का प्रदर्शन
संजू सैमसन ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ पांच मैचों में 321 रन बनाए। ये किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा एक टी20 वर्ल्ड कप में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है और कुल मिलाकर तीसरा सबसे ज्यादा है। उनके बेहतरीन प्रदर्शन में लगातार तीन अर्धशतक भी शामिल हैं, जो उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में लगाए।