Sanju Samson: 'रुलाएगा क्या पगले?' कप्तान सूर्या की इमोशनल स्पीच पर संजू सैमसन ने दिया ऐसा रिएक्शन

Sanju Samson: बीसीसीआई के शेयर किए गए वीडियो में संजू सैमसन मैच के बाद साथी खिलाड़ियों से हाथ मिलाते और दर्शकों की तालियों के बीच साथियों से गले मिलते नजर आए। इस वीडियो में कप्तान ने भी संजू के इस पारी की काफी तारीफ की है

अपडेटेड Mar 02, 2026 पर 7:27 PM
Story continues below Advertisement
आईसीसी टूर्नामेंट में वही खिलाड़ी मैच जिताते हैं जिनमें हिम्मत होती है

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद से संजू सैमसन सुर्खियों में बने हुए हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 97 रन बनाए और टीम को यादगार जीत दिलाई। इस बेहतरीन पारी के साथ सैमसन ने अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया। इस यादगार पारी के बाद संजू सैमसन ने भगवान को भी खास अंदाज में धन्यवाद किया। मैच खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने ड्रेसिंग रूम का एक खास वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में दिखता है कि ये पारी संजू सैमसन के लिए कितनी अहम थी।

बीसीसीआई के शेयर किए गए वीडियो में संजू सैमसन मैच के बाद विरोधी खिलाड़ियों से हाथ मिलाते और दर्शकों की तालियों के बीच साथियों से गले मिलते नजर आए। इस वीडियो में कप्तान ने भी संजू की इस पारी की काफी तारीफ की है।

सूर्या ने क्या कहा


ड्रेसिंग रूम में पहुंचते ही संजू सैमसन इमोशनल नजर आए। वह घुटनों के बल बैठकर प्रार्थना की और उस बल्ले को चूमा जिससे उन्होंने अपनी सबसे यादगार पारी खेली। मैच जिताने वाली पारी पर बात करते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "मैं हमेशा मानता हूं कि अच्छी चीजें सही समय पर सही लोगों के साथ होती हैं। उनके जैसे खिलाड़ी के लिए टीम की जरूरत के समय आगे आकर प्रदर्शन करने से बेहतर मौका नहीं हो सकता था। जब वह टीम में लौटे, तो हमारी पहली बैठक में उन्होंने सबसे पहले यही कहा कि हमें वही करना चाहिए जो टीम के लिए सही हो, न कि वह जो आप चाहते हैं।"

 

उन्होंने कहा, "जिंदगी में हमने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं पूरे साल की बातों को दोहराना नहीं चाहता, लेकिन कभी टीम में अपनी जगह खोना, कभी अलग नंबर पर बल्लेबाजी करना और फिर दोबारा उसी जगह पर लौटकर खेलना आसान नहीं होता।"

सूर्या ने की संजू की तारीफ

सूर्या ने कहा, "वर्ल्ड कप जीतना आसान नहीं होता। आईसीसी टूर्नामेंट में वही खिलाड़ी मैच जिताते हैं जिनमें हिम्मत होती है और ये सच में एक साहसी पारी थी। अच्छी शुरुआत के बाद कोई भी खिलाड़ी बहक सकता है, लेकिन जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की, उससे टीम संभली और जीत हासिल की। इस प्रदर्शन का पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है। मैं उनके लिए, उनकी पत्नी और परिवार के लिए बहुत खुश हूं, साथ ही उन सभी लोगों के लिए भी जो हमेशा उनका समर्थन करते हैं। हम अब अपने टारगेट के एक कदम और करीब पहुंच गए हैं और उम्मीद है ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।"

सूर्यकुमार की बातें सुनकर संजू सैमसन भावुक हो गए और मजाक में बोले, "रुलाएगा क्या पगले?" इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगा लिया। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम का मैच 5 मार्च को इंग्लैंड से होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।