आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। वहीं वर्ल्ड कप को लेकर सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में लग गई है। साल 2023 के वनडे वर्ल्ड के फाइनल में मिली हार के बाद भारतीय टीम 2027 का वर्ल्ड कप जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। पिछले वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है। वहीं हेड कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता, लेकिन इस दौरान टीम को श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में हार का सामना भी करना पड़ा।
वहीं इसी बीच खबर है कि अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की प्लानिंग को लेकर भारतीय टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ी टीम मैनेजमेंट की सोच से पूरी तरह सहमत नहीं हैं। ऐसा माना जा रहा है कि ये बड़ा टूर्नामेंट कई सीनियर क्रिकेटरों का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है।
गिल का कप्तानी में रिकॉर्ड
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल अभी भी वनडे क्रिकेट में अपनी पहली सीरीज जीत की तलाश में हैं। इस साल की शुरुआत में उनकी कप्तानी का पहली बड़ी सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज थी। भारत को वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में गिल अब आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कप्तान के तौर पर अपनी पहली वनडे सीरीज जीत दर्ज करने की कोशिश करेंगे। 13 जून से भारतीय टीम अफगानिस्तान से भिड़ेगी। इसके बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड दौरे पर जाना है।
वहीं सेलेक्टर्स से उम्मीद की जा रही थी कि वह 6 जून को इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम का भी ऐलान करेगी, लेकिन फिलहाल केवल टी20 अंतरराष्ट्रीय टीमों की घोषणा की। बीसीसीआई जल्द ही वनडे टीम की भी घोषणा कर सकती है।
टीम में नहीं बैठ रहा तालमेल?
बीसीसीआई के एक सूत्र ने TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट और कुछ सीनियर खिलाड़ी के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत महसूस की जा रही है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुछ अनुभवी क्रिकेटर 2027 विश्व कप तक की टीम की प्लानिंग और अपने रोल को लेकर स्पष्टता चाहते हैं। इसी वजह से वे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रमुख निर्णय लेने वाले अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में बने हुए हैं।"
रिपोर्ट के मुताबिक, "टीम में कई बड़े और अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, इसलिए शुभमन गिल को ड्रेसिंग रूम में अपनी बात अधिक मजबूती से रखने की जरूरत है। अब तक गौतम गंभीर ने वनडे टीम की योजनाओं में उतनी एक्टिव भूमिका नहीं निभाई है, जितनी उन्होंने अन्य दो प्रारूपों में निभाई थी।" सूत्र ने आगे बताया, "अब टीम का पूरा ध्यान वनडे विश्व कप की तैयारियों पर है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि गौतम गंभीर और शुभमन गिल नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे और ड्रेसिंग रूम में अपनी रणनीतियों और विचारों को खिलाड़ियों के साथ साझा करेंगे, ताकि टीम की तैयारियां बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकें।"