भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है। क्रिकेटर ने सगाई की खूबसूरत तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पर शेयर ये खुशखबरी फैंस को दी है। शेयर की गई फोटो में कपल के हाथ में इंगेजमेंट रिंग दिखाई दे रही है। फोटो शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर उनको बधाई देने वालों की लाइन लग गई है।
शेयर किए गए कैप्शन में शिखर धवन ने लिखा, "एक जैसी मुस्कान से लेकर एक जैसे सपने। हमारी सगाई के लिए मिले प्यार, आशीर्वाद और हर शुभकामना के लिए शुक्रगुजार हूं, क्योंकि हमने हमेशा साथ रहने का फैसला किया है।" बता दें ये शिखर धवन की दूसरी शादी है।
चैंपियंस ट्रॉफी से आए चर्चा में
शिखर धवन को पहली बार ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान सोफी शाइन के साथ देखा गया था, जिसके बाद यह जोड़ी चर्चा में आ गई। इसके कुछ समय बाद धवन ने अपने रिश्ते की पुष्टि कर दी। तब से सोफी अक्सर धवन के सोशल मीडिया पोस्ट्स में नजर आने लगीं और दोनों की तस्वीरें फैंस के बीच खूब पसंद की जाने लगीं।
सोफी एक सफल आयरिश प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं। उनके पास लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की डिग्री है। उन्होंने कैसलरॉय कॉलेज, आयरलैंड से पढ़ाई की। फिलहाल वह अबू धाबी में नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन की सेकंड वाइस प्रेसिडेंट हैं। ग्लैमरस लुक और स्टाइलिश फोटोज के कारण उन्होंने सोशल मीडिया पर भी ध्यान खींचा है, लेकिन वह लाइमलाइट से दूर रहती है।
भारतीय क्रिकेट में ‘गब्बर’ के नाम से पहचान बनाने वाले शिखर धवन अपने ताबड़तोड़ क्रिकेट के लिए मशहूर रहे हैं। बड़े मुकाबलों में वह अक्सर टीम के लिए मजबूत शुरुआत देते थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने साल 2013 में भारत को एक और चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया था। वहीं 2015 के वनडे वर्ल्ड कप में धवन ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ मैचों में 412 रन बनाए थे। वहीं 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में उनका बल्ला पूरे रंग में दिखा। धवन ने पांच मैचों में 338 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
एक दशक से भी लंबे और शानदार करियर में शिखर धवन ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेला। उन्होंने 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया। अगस्त 2024 में धवन ने क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया, जिससे उनके सफल अंतरराष्ट्रीय सफर का अंत हुआ।
शिखर धवन की पहली शादी ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली आयशा से साल 2012 में हुई थी। उनका एक बेटा जोरावर धवन है। आयशा शिखर से 10 साल बड़ी किक बॉक्सर हैं। वहीं सितंबर 2021 में उन्होंने आयशा ने अलग होने की जानकारी दी और 2023 में दोनों का तलाक हुआ।