Shivam Dube: सुपर-8 में मिली करारी हार थी टीम इंडिया के लिए टर्निंग प्वाइंट ... शिवम दूबे ने किया बड़ा खुलासा

Shivam Dube: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब जीता। पूरे टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा, हालांकि सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार मिली थी। शिवम दुबे ने बताया, इस हार ने टीम को झकझोर दिया और आगे के मैचों में बेहतर खेलने की प्रेरणा दी

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 4:07 PM
Story continues below Advertisement
साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की और लगातार बड़े स्कोर बनाए

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब पर कब्जा किया। वहीं इस पूरे टूर्नामेंट भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस टूर्नामेंट में भारत को एकमात्र हार सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से मिली थी। 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका से 76 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों की काफी आलोचना हुई। टीम के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने बताया कि साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद टूर्नामेंट में भारत के अभियान को बदल दिया।

इस मैच में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 187/7 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन पर ऑल आउट हो गई थी।

'हार ने खिलाड़ियों को झकझोर दिया'


इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में शिवम दुबे ने कहा, टीम पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेल रही थी। लेकिन एडेन मार्करम की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली निराशाजनक हार के बाद से भारतीय टीम पूरी तरह से एक अलग टीम बन गई। शिवम दुबे ने कहा, “एक टीम के तौर पर साउथ अफ्रीका से हार के बाद हम अपने सबसे अच्छे फॉर्म में आ गए थे। उस मैच से पहले भी हम अच्छा खेल रहे थे, लेकिन उस हार के बाद हमने और ज्यादा मेहनत की। इसके बाद हम बिल्कुल अलग टीम बन गए और हमारा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन फाइनल मुकाबले में देखने को मिला।”

अपनी पारी पर दुबे ने क्या कहा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी भूमिका पर बात करते हुए दुबे ने कहा कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्या ने शुरुआत में ही बता दिया था कि उन्हें तेज स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करनी है। दुबे ने कहा, “मेरा रोल काफी सिंपल था। कोच गौतम गंभीर और सूर्या भाई ने पहले ही कह दिया था कि मुझे तेज स्ट्राइक रेट से खेलना है। अगर गेंदबाजी करने का मौका मिले तो टाइट लाइन रखनी है और कम रन देने हैं। पिछले वर्ल्ड कप में भी मेरा रोल लगभग ऐसा ही था, लेकिन तब मैंने सिर्फ कुछ बड़ी पारियां खेली थीं। इस बार मैंने खुद से कहा कि ज्यादा आगे की नहीं सोचूंगा और एक-एक मैच पर ध्यान देते हुए आगे बढूंगा।”

दुबे ने कहा, “मुझे हमेशा खुद पर कॉन्फिडेंस था और मैंने बस अपने ऊपर भरोसा रखा। इसके लिए मैंने काफी मेहनत भी की थी। टीम मुझसे क्या चाहती है, यह पूरी तरह साफ था। मैंने खुद से कोई खास वादा नहीं किया था, हमारा एक ही टारगेट था, घर में वर्ल्ड कप जीतना।”

भारत ने की शानदार वापसी

साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की और लगातार बड़े स्कोर बनाए। भारत ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 256/4, इंग्लैंड के खिलाफ 253/7 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 255/5 जैसे मजबूत टोटल खड़े किए। वहीं कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए तीसरे सुपर-8 मुकाबले में भारत ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 196 रन का लक्ष्य सिर्फ 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। पूरे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शिवम दुबे ने टीम के लिए सभी नौ मैच खेले, जिसमें उन्होंने 235 रन बनाए और गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए 5 विकेट अपने नाम किए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।