Shreyas Iyer Injury: ऑस्ट्रेलिया में एक कैच ने कराया टीम इंडिया का बड़ा नुकसान, साउथ अफ्रीका सीरीज पर भारत को लग सकता है बड़ा झटका

Shreyas Iyer: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मैच में हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच लेते समय श्रेयस अय्यर बाईं पसली में चोट लग गई थी। श्रेयस अय्यर को चोट लगने के बाद उनको तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहीं अब श्रेयस अय्यर की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट आ रहा है

अपडेटेड Oct 26, 2025 पर 3:12 PM
Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट आया है

Shreyas Iyer: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई। इस सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम किया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मैच के दौरान फिल्डिंग करते समय भारत के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को चोट लग गई। श्रेयस अय्यर को चोट लगने के बाद उनको तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहीं अब श्रेयस अय्यर की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट आया है।

हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच लेते समय श्रेयस अय्यर बाईं पसली में चोट लग गई थी। शुरुआती जांच में बताया गया कि बाईं पसली में चोट की वजह से वह कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रह सकते हैं।

कब वापस मैदान पर लौटेंगे अय्यर


इस मामले से जुड़ी जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “श्रेयस को मैच के दौरान ही स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था। शुरुआती जांच में पता चला है कि उनकी पसली में झटका लगा है और उन्हें कम से कम तीन हफ्ते तक आराम करना होगा। वापसी पर उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करना होगा। फिलहाल आगे की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि यह तय किया जा सके कि उन्हें ठीक होने में और समय लगेगा या नहीं। अगर यह हेयरलाइन फ्रैक्चर निकला, तो रिकवरी में ज्यादा वक्त लग सकता है।”

साउथ अफ्रीका में करेंगे वापसी

श्रेयस अय्यर 30 नवंबर को रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पहले वनडे तक फिट हो पाएंगे या नहीं इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। जब उनसे दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज़ में श्रेयस अय्यर की संभावित वापसी को लेकर पूछा गया, तो सूत्र ने कहा, “अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। अगर रिटर्न टू प्ले (RTP) में तीन हफ्ते लगते हैं, तो उनके लिए 30 नवंबर से पहले मैदान पर लौटना मुश्किल हो सकता है।”

कैसे लगी चोट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मैच में एलेक्स कैरी ने एक ऊंचा शॉट खेला जो थर्ड मैन की दिशा में गया। बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े श्रेयस अय्यर ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ा, लेकिन इस दौरान वे जमीन पर गिर गए और उनकी बाईं पसली में चोट लग गई। दर्द बढ़ने पर टीम के फिजियो कमलेश जैन तुरंत मैदान में आए और अय्यर को बाहर ले गए। इसके बाद उन्हें एहतियातन जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। 30 साल के श्रेयस अय्यर फिलहाल सिर्फ वनडे खेल रहे हैं। पीठ की समस्या के चलते उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट से छह महीने का ब्रेक लिया था और टी20 टीम में भी नहीं चुने गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।