BCCI अवॉर्ड में शुभमन गिल ने अर्शदीप को किया ट्रोल! भरे मंच पर याद किया ये किस्सा

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को साल 2025 के लिए पुरुष क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला। बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल ने इंटरव्यू के दौरान मजेदार जवाब देकर सबका ध्यान खींचा। एक इंटरव्यू में गिल के साथ हरमनप्रीत कौर और सूर्यकुमार यादव भी मौजूद थे

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 2:30 PM
Story continues below Advertisement
शुभमन गिल आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे

भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने 15 मार्च को आयोजित बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स 2026 में नजर आए। इस अवॉर्ड समरोह में गिल के मजेदार अंदाज में दिए गए जवाब ने सबका ध्यान खींचा। एक इंटरव्यू में गिल के साथ हरमनप्रीत कौर और सूर्यकुमार यादव भी मौजूद थे। होस्ट हर्षा भोगले ने गिल से पूछा कि वनडे मैच के आखिरी ओवरों में वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए किस खिलाड़ी को चुनेंगे। इस पर गिल ने गेंदबाजी के लिए अर्शदीप सिंह और बल्लेबाजी के लिए रोहित शर्मा का नाम लिया।

अर्शदीप को लेकर शुभमन गिल ने क्या कहा

हालांकि, अर्शदीप का नाम लेते समय शुभमन गिल ने हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी वाइड गेंदों को लेकर हल्का मजाक भी किया। शुभमन गिल ने कहा, “अर्शदीप, अगर वह वाइड यॉर्कर नहीं डाल रहे हों तो।” उन्होंने हंसते हुए कहा, “वह यॉर्कर अच्छी डालते हैं, लेकिन कभी-कभी उनका एक ओवर दो ओवर जैसा हो जाता है, इसलिए मैं ऐसा नहीं चाहूंगा। इसलिए गेंदबाज तो वही होंगे और बल्लेबाज के तौर पर अगर रोहित भाई हों, तो वह शानदार होगा।”


कप्तान से किया गया सवाल

इससे पहले इसी सवाल का जवाब देते हुए सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या को चुना। वहीं हरमनप्रीत कौर ने महिला मैचों के लिए गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और बल्लेबाजी के लिए स्मृति मंधाना का नाम लिया। इसके बाद तीनों कप्तानों से यह भी पूछा गया कि उनके लिए भारत की जर्सी पहनकर खेलना कितना खास मायने रखता है।

गिल ने कहा, “यह एक सपना है।” उन्होंने आगे कहा, “जब आप देश के लिए खेलते हैं और हर बार मैदान पर उतरते हैं, तो आप भगवान और किस्मत का शुक्रिया अदा करते हैं, क्योंकि आप जहां हैं उसके लिए खुद को भाग्यशाली महसूस करते हैं। जब आप खेलना शुरू करते हैं तो आपके मन में सिर्फ एक ही बात होती है कि अपने देश और टीम को जीत दिलानी है, और यही सबसे बड़ी भावना होती है।”

गिल को मिला कौन सा अवॉर्ड

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को साल 2025 के लिए पुरुष क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला। उन्होंने 42 पारियों में कुल 1764 रन बनाकर अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाए। भारत के टी20 वर्ल्ड कप खेलने के दौरान गिल ने थोड़ा आराम किया, लेकिन अब वह जल्द ही आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।