फेसबुक पोस्ट को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, दर्ज कराई शिकायत, जानें क्या है पूरा मामला

सौरव गांगुली ने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने वाले कथित सोशल मीडिया पोस्टों को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 4:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक फेसबुक पेज उनकी रेप्युटेशन को नुकसान पहुंचाने वाला कंटेंट पोस्ट कर रहा है

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली इस समय चर्चा में है। सौरव गांगुली ने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने वाले कथित सोशल मीडिया पोस्टों को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सौरव गांगुली ने कहा कि संबंधित फेसबुक पेज पर लगातार ऐसे पोस्ट शेयर किए जा रहे थे, जिसमें उनकी छवि को नेगटिव तौर पर पेश किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

गांगुली ने किया केस

उनका आरोप है कि ‘सौरव गांगुली फैंस’ नाम से चल रहा एक फेसबुक पेज उनकी रेप्युटेशन को नुकसान पहुंचाने वाला कंटेंट पोस्ट कर रहा है। उनका आरोप है कि इन पोस्टों के जरिए लोगों के बीच गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की गई और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। गांगुली का मानना है कि ये केवल आलोचना तक सीमित नहीं था, बल्कि उनकी सार्वजनिक छवि को प्रभावित करने की मंशा से किया जा रहा था।


कितने है फॉलोअर्स

गांगुली के मुताबिक, इस पेज पर कुल 3.6 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ये पेज कथित तौर पर गलत और नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट को फैलाकर उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल रेप्युटेशन को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पोस्ट उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने, संबंधित पेज चलाने वालों की पहचान करने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

अपनी शिकायत में गांगुली ने क्या कहा

सौरव गांगुली ने अपनी शिकायत में कहा, “एक सार्वजनिक व्यक्ति होने के नाते मैं समझता हूं कि लोगों की राय और आलोचना सार्वजनिक जीवन का हिस्सा होती है। लेकिन किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रामक, मानहानिकारक और नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री फैलाना स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “इसलिए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस पेज को संचालित करने वाले व्यक्ति या समूह के खिलाफ मेरी शिकायत दर्ज की जाए और लागू कानूनों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए।”

कई भारतीय खिलाडियों के हैं फैन पेज

भारत में खिलाड़ियों के फैन पेज और सपोर्टर ग्रुप काफी फेमस हैं। सोशल मीडिया पर कई अकाउंट अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से जुड़ी खबरें और पोस्ट शेयर करते हैं। इनमें कुछ पेज पेशेवर तरीके से चलाए जाते हैं, जबकि कई फैंस खुद बनाते हैं। वहीं कई बार ऐसे पेजों पर एकतरफा या विवादित पोस्ट भी शेयर की जाती हैं, जिससे गलत जानकारी फैल सकती है और बेवजह की बहस शुरू हो सकती है। यही वजह है कि इन अकाउंट्स की निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।