टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में संजू सैमसन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने पांच विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारतीय टीम अंतिम चार में भी जगह बना ली है। अब सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से 5 मार्च को मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में होगा। मुंबई में दोनों टीमों के बीच फाइनल में जगह बनाने के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
रविवार को खेले गए मुकाबले में संजू सैमसन ने मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार समझदारी और धैर्य का प्रदर्शन किया। उन्होंने शुरुआत से लेकर अंत तक अपनी पारी को संभालकर खेला और आखिरी समय तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को जीत तक पहुंचाया। दबाव भरे मैच में उनकी शांत और जिम्मेदार बल्लेबाजी ने सभी को प्रभावित किया। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है।
पूरे मैच पर पकड़ बनाए रखी
सौरव गांगुली ने एएनआई से बातचीत में कहा, "शानदार। वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है। उसे व्हाइट-बॉल क्रिकेट में लगातार भारत के लिए खेलना चाहिए।" पूर्व भारतीय कप्तान ने बताया कि जब संजू सैमसन लय में आ जाते हैं तो वह मैच पर पूरी तरह पकड़ बना लेते हैं। गांगुली ने आगे कहा, "आप जानते हैं, जब वह मैदान में उतरता है तो विपक्षी टीम को नुकसान पहुंचाता है। उसने बेहद अहम परिस्थिति में शानदार बल्लेबाजी की।"सौरव गांगुली ने केरल के बल्लेबाज संजू सैमसन की हिम्मत और आलोचनाओं के बीच शानदार वापसी की भी सराहना की।
शुभमन गिल क्यों नहीं खेल रहे?
गांगुली ने कहा, "इससे हम सबको सीख मिलती है कि पिछले छह महीनों में एक ही खिलाड़ी टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पा रहा था। कभी ईशान किशन ओपनिंग कर रहे थे तो कभी कोई और मौका पा रहा था। वर्ल्ड कप से पहले मैं मीडिया की हेडलाइंस देखता था, जिसमें लिखा होता था कि संजू फिर फेल हो गया, उसे टीम में नहीं होना चाहिए, भारत में इतना टैलेंट है, शुभमन गिल क्यों नहीं खेल रहे। लेकिन वही खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल जैसे बड़े मैच में 97 रन बनाता है और टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचा देता है।"
पिछले कुछ समय से टी20 टीम में लगातार अंदर-बाहर होते रहने के बावजूद सैमसन ने मौके का पूरा फायदा उठाया। इससे पहले चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मैच में भी उन्होंने तेज शुरुआत करते हुए 15 गेंदों पर 24 रन बनाए और टीम को मजबूत आधार दिया था।