Vaibhav Sooryavanshi: '15 साल के खिलाड़ी पर दबाव', वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू से पहले गांगुली ने दी बड़ी सलाह

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा है कि उन पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए। गांगुली के मुताबिक, सिर्फ 15 साल की उम्र में भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाना बड़ी उपलब्धि है। हाल ही में टीम इंडिया में चुने गए वैभव ने कम उम्र में चयनित होकर नया रिकॉर्ड भी बनाया है

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 11:14 PM
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था

आईपीएल 2026 के बाद से युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में बने हुए है। वहीं हाल में वैभव सूर्यवंशी को भारत के टी20 टीम में शामिल किया गया है। वहीं अब युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वैभव को अभी खुलकर अपना खेल खेलने देना चाहिए और उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए। गांगुली के मुताबिक, सिर्फ 15 साल की उम्र में भारतीय सीनियर टीम तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। वैभव ने बेहद कम उम्र में भारत के लिए चयनित होकर नया इतिहास रचा है।

सौरव गांगुली ने क्या कहा

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने पीटीआई से कहा, "मुझे लगता है कि हमें उसे वैसे ही रहने देना चाहिए। वह अभी सिर्फ 15 साल का है और मुझे नहीं लगता कि वह दबाव के बारे में ज्यादा सोचता होगा। आईपीएल में भी हमने उसके खेल में यही आत्मविश्वास देखा है। हालांकि भारत के लिए खेलना अलग बात है और अब वह ऐसे दौरे पर जाएगा, जहां विकेट और परिस्थितियां भी अलग होंगी।"


गांगुली ने आगे कहा, “मेरा मानना है कि उसे अभी अपने तरीके से आगे बढ़ने देना चाहिए। उससे तुरंत बड़ी-बड़ी उम्मीदें नहीं रखनी चाहिए। उसे समय दीजिए ताकि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को अच्छी तरह स्थापित कर सके, क्योंकि उसके पास भारत के कई दूसरे खिलाड़ियों की तरह शानदार प्रतिभा है।”

इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे पर जाएंगे वैभव

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 237.3 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम किया। वहीं इसके बाद वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम के आगामी सीमित ओवरों के मुकाबलों के लिए चुना गया। वैभव आयरलैंड दौरे पर 26 और 28 जून को खेले जाने वाले टी20 मैचों का हिस्सा होंगे। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी टीम में जगह मिली है, जो 1 जुलाई से 11 जुलाई तक खेली जाएगी।

तोड़ सकते हैं सचिन का रिकॉर्ड

साल 1989 में सचिन तेंदुलकर ने महज 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। उनका पहला मुकाबला पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ था, जिसमें वसीम अकरम, वकार यूनिस, अब्दुल कादिर और इमरान खान जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल थे। अब युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का मौका है। यदि वह 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मुकाबले में मैदान पर उतरते हैं, तो वह 15 साल और कुछ महीनों की उम्र में भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि वह इंग्लैंड और आयरलैंड की परिस्थितियों में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।