South Africa Vs New Zealand: साउथ अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड इस टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार आमने-सामने होंगे, लेकिन इस बार मुकाबला बेहद अहम है। यह टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल है और इसी से तय होगा कि फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम कौन होगी। यह मुकाबला बुधवार को कोलकाता के मशहूर ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
अब तक ऐसा रहा दोनों टीमों का सफर
साउथ अफ्रीका इस नॉकआउट मुकाबले में शानदार लय के साथ उतर रही है। टीम अब तक टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी है। उसने ग्रुप स्टेज में सभी मुकाबले जीते और सुपर-8 चरण में भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। दूसरे चरण में भारत के खिलाफ मिली जीत ने साउथ अफ्रीका को खिताब का मजबूत दावेदार बना दिया है। न्यूज़ीलैंड का सफर इस टूर्नामेंट में थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा है। ब्लैक कैप्स ने ग्रुप स्टेज में तीन मैच जीते और एक हारा, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ था। सुपर-8 चरण में उन्होंने श्रीलंका को आसानी से हराया, लेकिन इंग्लैंड से करीबी मुकाबले में हार मिली। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ उनका मैच बारिश के कारण रद्द हो गया।
मौसम बना विलेन तो क्या होगा?
अब सवाल है कि, अगर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाता, तो क्या होगा? सुपर-8 चरण के मुकाबलों के विपरीत, सेमीफाइनल और फाइनल के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अतिरिक्त समय का प्रावधान रखा है। मैच अधिकारियों के पास तय दिन पर मुकाबला पूरा कराने के लिए 90 मिनट का अतिरिक्त समय होगा। अगर सेमीफाइनल मैच के दिन बारिश की वजह से खेल रुकता है, तो नियम बिल्कुल साफ हैं। इस स्थिति में न तो बॉल-आउट होगा और न ही टॉस के जरिए फैसला किया जाएगा। फैसला टीमों की सुपर-8 चरण की रैंकिंग के आधार पर होगा।
अगर 4 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल पूरी तरह बारिश के कारण नहीं हो पाता, तो मैच 5 मार्च को रिजर्व डे पर वहीं से शुरू किया जाएगा, जहां से खेल रुका था।
लेकिन अगर रिजर्व डे पर भी एक भी गेंद नहीं डाली जा सके, तो सुपर-8 में बेहतर रैंक वाली टीम को फाइनल में जगह मिलेगी। सुपर-8 ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका छह अंकों के साथ शीर्ष पर रहा था, जबकि न्यूज़ीलैंड ग्रुप 2 से तीन अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा था। ऐसे में अगर मैच पूरी तरह रद्द हो जाता है, तो साउथ अफ्रीका फाइनल में पहुंच जाएगा।