श्रीसंत और हरभजन का थप्पड़ कांड, भारतीय क्रिकेट के सबसे विवादित घटनाओं में से एक है। ने एक बार फिर हरभजन सिंह के साथ अपने पुराने विवाद को लेकर बयान दिया है। आईपीएल की चर्चित 'स्लैपगेट' घटना के करीब 18 साल बाद उन्होंने, हरभजन सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि दोनों अपने मतभेद बॉक्सिंग रिंग में मुकाबला करके सुलझा सकते हैं। श्रीसंत ने हरभजन सिंह को माफ कर दिया था, लेकिन इस घटना को कभी नहीं भूलेंगे।
18 साल बाद फिर सामने आया ये विवाद
हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान श्रीसंत ने आरोप लगाया कि हरभजन सिंह ने इस पुराने विवाद से फायदा उठाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अगर हरभजन चाहें तो दोनों आमने-सामने मुकाबला कर सकते हैं। गौरतलब है कि साल 2008 में आईपीएल के दौरान हुई 'स्लैपगेट' घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों के रिश्तों में तनाव आ गया था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में ऐसा माना जा रहा था कि दोनों इस विवाद को पीछे छोड़ चुके हैं और उनके संबंध सामान्य हो गए हैं। यह नया विवाद तब शुरू हुआ जब श्रीसंत ने हरभजन सिंह के एक हालिया विज्ञापन पर आपत्ति जताई। उनका मानना है कि उस विज्ञापन में पुराने 'स्लैपगेट' विवाद की ओर इशारा किया गया था। श्रीसंत ने दोनों खिलाड़ियों की एक पुरानी प्रचार तस्वीर का भी जिक्र किया, जिसमें वे बॉक्सिंग की पोशाक में आमने-सामने खड़े नजर आ रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हरभजन सिंह वास्तव में रिंग में मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।
लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में एस. श्रीसंत ने हरभजन सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा, "क्या आपमें मेरे साथ रिंग में उतरने की हिम्मत है? क्या आप आधिकारिक तौर पर मुकाबले के लिए तैयार हैं? मैं सीधा उनसे पूछ रहा हूं कि क्या वे मेरे साथ बॉक्सिंग रिंग में आ सकते हैं। यह कोई अभिनय नहीं है, बल्कि असली मुकाबला होगा।" श्रीसंत ने कहा कि वह इस चुनौती को गंभीरता से दे रहे हैं और अब फैसला हरभजन सिंह को करना है। उन्होंने यह भी कहा कि तस्वीरों और विज्ञापनों में दिखने के बजाय असली मुकाबला रिंग में होना चाहिए।
श्रीसंत ने दी बड़ी चुनौती
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने हाल के दिनों में कॉम्बैट स्पोर्ट्स से अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी बात को लेकर मतभेद हैं, तो उन्हें विज्ञापनों या सार्वजनिक बयानों के जरिए उछालने के बजाय सीधे मुकाबले के जरिए सुलझाया जा सकता है। श्रीसंत ने साफ कहा कि यह उनका खुला चैलेंज है और अब देखना होगा कि हरभजन सिंह इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। एस. श्रीसंत ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि वह इस समय 'बेयर नकल फाइट लीग' से जुड़े हुए हैं और उन्होंने हरभजन सिंह को सीधे मुकाबले के लिए चुनौती दी है। उन्होंने कहा, "भज्जी, मैं आपको खुला चैलेंज दे रहा हूं। अगर आपको उस थप्पड़ वाले मामले और मुझसे इतनी ही परेशानी है, तो आइए रिंग में मुकाबला करते हैं। विज्ञापनों और बयानबाजी की जगह आमने-सामने मुकाबला होना चाहिए।" श्रीसंत ने कहा कि वह इस चुनौती को पूरी गंभीरता से दे रहे हैं और हरभजन सिंह के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
श्रीसंत के इन बयानों के बाद एक बार फिर भारतीय क्रिकेट की सबसे चर्चित विवादित घटनाओं में से एक चर्चा में आ गई है। साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के दौरान मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच के बाद हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान हरभजन सिंह पर श्रीसंत को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था। घटना के बाद मैदान पर भावुक हुए श्रीसंत की तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं। इस मामले को लेकर हरभजन सिंह की व्यापक आलोचना हुई थी और उनके खिलाफ BCCI की ओर से एक्शन भी लिया गया था। यह विवाद आईपीएल इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में गिना जाता है।