इंडियन प्रीमियर लीग में ड्रामा और विवाद अक्सर देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो 18 अप्रैल को खेला गए सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच का है। इस वीडियो में कुछ ऐसा नजर आ रहा है, जिसे देखकर फैंस हैरान हैं और मजाक में कह रहे हैं कि विकेट गेंदबाज ले रहे हैं या फिर कोई नींबू अपना असर दिखा रहा है।
इस वायरल वीडियो में सनराइजर्स हैदराबाद का एक फैन हैदराबाद में शिवम दुबे को आउट करने के लिए काला जादू करता हुआ दिखाई दे रहा है और इस फैन का ये जादू काम भी कर गया क्योंकि दुबे अगली ही बॉल पर क्लीन बोल्ड हो गए। बता दें कि मैच की दूसरी पारी के 17वें ओवर में, जब चेन्नई सुपर किंग्स 194 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब शिवम दुबे टीम की आखिरी बड़ी उम्मीद बने हुए थे। जैसे ही साकिब हुसैन गेंदबाज़ी करने आए, कैमरे और कुछ सतर्क दर्शकों की नजर स्टैंड में बैठे एक फैन पर गई, जो कुछ अजीब करता हुआ दिखा। वायरल वीडियो में वह फैन हाथ में नींबू घुमाता हुआ, कुछ बुदबुदाता हुआ और बार-बार क्रीज़ की तरफ इशारा करता नजर आया, जिसे लोग टोटका मान रहे हैं।
सोशल मीडिया पर आ रहे ऐसे रिएक्शन
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों की खूब रिएक्शन सामने आईं। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि ऐसे वीडियो देखना काफी दिलचस्प होता है, चाहे वे असली हों या नकली। उन्होंने यह भी कहा कि मैच जीतने में टीम का चयन, माहौल, खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और कप्तानी ज्यादा अहम होती है और टीम को फिर से जोश दिलाने के लिए “थाला” को वापस लाना चाहिए।
एक अन्य यूजर ने लिखा, “हाहा, बच्चे भी टीवी देखते समय ऐसा ही करते हैं। हो सकता है उस आदमी ने कई बार ऐसा किया हो, लेकिन सिर्फ वही वीडियो शेयर किया गया हो जिसमें विकेट गिरा। असल में काला जादू जैसी कोई चीज नहीं होती। चेन्नई सुपर किंग्स को अपने खेल पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि ऐसी चीजों को रोका नहीं जा सकता।”
एक और यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “चेन्नई सुपर किंग्स को उस आदमी के खिलाफ शिकायत करने की बजाय उसे हर मैच के लिए बुक कर लेना चाहिए था। अगले ऑक्शन में नई कैटेगरी होनी चाहिए—ऑलराउंडर, फिनिशर और एक फुल-टाइम पुजारी!” वहीं एक यूजर ने मजाक में हैरी पॉटर का जिक्र करते हुए कहा कि यह सीन कुछ वैसा ही लग रहा है, जैसे क्विडिच मैच के दौरान जादू किया जाता था।