AUS vs SL: T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर ऑस्ट्रेलिया! श्रीलंका ने 8 विकेट से दी करारी शिकस्त

AUS vs SL: श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने आक्रामक अंदाज दिखाया और लक्ष्य को सिर्फ 18 ओवर में हासिल कर लिया। वहीं इस जीत के साथ श्रीलंकाई टीम ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 11:12 PM
Story continues below Advertisement
मुकाबले में पथुम निसांका ने बेहतरीन पारी खेलते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला शतक लगाया

AUS vs SL: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत दर्ज की। पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट हार मिली है। वहीं इस जीत के साथ श्रीलंकाई टीम ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे बढ़ने की राह बेहद मुश्किल हो गई है। श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की टीम को ग्रुप बी में रखा गया है। श्रीलंका ग्रुप बी से सुपर-8 में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई। वहीं ऑस्ट्रेलिया की ग्रुप स्टेज में लगातार दूसरी हार रही, इससे पहले जिम्बाब्वे ने मात दी थी।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने आक्रामक अंदाज दिखाया और लक्ष्य को सिर्फ 18 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो पाथुम निसांका रहे।

पथुम निसांका की शानदार शतक


मुकाबले में पथुम निसांका ने बेहतरीन पारी खेलते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला शतक लगाया। पथुम निसांका ने 52 गेंदों में नाबाद शतक लगाया। अपनी पारी के दौरान निसांका ने 10 चौके और 5 छक्के लगाए। पथुम निसांका 52 गेंदों में 100 रन बनाकर नाबाद रहे। खास बात यह रही कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह पहला शतक है। इससे पहले इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ी पारी 2014 में मीरपुर में उमर अकमल के 94 रन की थी।

सुपर-8 के लिए ऑस्ट्रेलिया की राह मुश्किल

ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया का अब सिर्फ एक मैच बचा है, जबकि जिम्बाब्वे को अभी दो मुकाबले खेलने हैं। अगर जिम्बाब्वे एक भी मैच जीत लेता है, तो उसके 6 अंक हो जाएंगे और बेहतर नेट रन रेट की वजह से वह सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की राह मुश्किल हो गई है। अगर ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच जीत भी ले, तो भी उसे उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे अपने दोनों मैच बड़े अंतर से हार जाए, तभी उसके पास अगले दौर में पहुंचने का मौका रहेगा।

कैसी थी श्रीलंका की पारी

182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका को शुरुआत में झटका लगा और कुसल परेरा जल्दी आउट हो गए। इसके बाद पाथुम निसांका ने कुसल मेंडिस के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने मिलकर 66 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की और टीम को मैच में वापस ला दिया। मेंडिस 38 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक टीम अच्छी स्थिति में पहुंच चुकी थी। इसके बाद पाथुम निसांका ने पवन रत्नायके के साथ 34 गेंदों में 79 रनों की नाबाद साझेदारी की। दोनों बल्लेबाज अंत तक टिके रहे और श्रीलंका को जीत तक पहुंचाया। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात दी।

कैसी थी ऑस्ट्रेलिया की पारी

ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रैविस हेड और मिशेल मार्श ने तेज शुरुआत की। हेड ने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि मार्श ने 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी बनाई। दोनों बल्लेबाजों को दुशान हेमंथा ने आउट किया। विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलिया की रन गति थोड़ी धीमी हो गई। मध्यक्रम ज्यादा योगदान नहीं दे सका और टीम 20 ओवर पूरे होने पर 181 रन तक ही पहुंच पाई।

कौन किस नंबर पर

ग्रुप बी में श्रीलंका इस समय अंकतालिका में टॉप पर है। इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। जिम्बाब्वे भी शानदार प्रदर्शन कर रहा है और अपने दोनों मैच जीतकर दूसरे नंबर पर बना हुआ है। वहीं ऑस्ट्रेलिया अब तक तीन में से सिर्फ एक मैच जीत पाया है और तीसरे स्थान पर है। आयरलैंड और ओमान फिलहाल तालिका चौथे और पांचवें नंबर पर हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।