T20 वर्ल्ड कप से पहले श्रीलंका ने पाकिस्तान को क्यों लिखा लेटर? भारत-पाक मैच का भी किया जिक्र

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है और कहा कि, भारत-पाकिस्तान मैच से हटने के फैसले के बाद भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। श्रीलंका क्रिकेट के मुताबिक इस ब्लॉकबस्टर मैच के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी हो चुकी थीं।

अपडेटेड Feb 05, 2026 पर 11:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
श्रीलंका ने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप के मैच का बहिष्कार करने के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की

वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान का ड्रामा खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। पाकिस्तान का ध्यान वर्ल्ड कप से ज्यादा राजनीति करने पर है। भारत के खिलाफ पाकिस्तान ने फिलहाल मैच ना खेलने का ऐलान किया है। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप-A मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना तय है। वहीं अब श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है और कहा कि, भारत-पाकिस्तान मैच से हटने के फैसले के बाद भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

श्रीलंका ने दिलाई दोस्ती की याद

श्रीलंका ने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच का बहिष्कार करने के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शम्मी सिल्वा ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखकर कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच को न खेलने के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। अपनी लेटर में श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए ये जानकारी मिली है कि पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट में तो हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच से दूर रहने का फैसला किया जा सकता है।


PCB को लिखा लेटर

श्रीलंका क्रिकेट ने कहा कि होस्ट देश होने के नाते श्रीलंका इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। बोर्ड ने बताया कि, श्रीलंका में होने वाले मैचों के लिए सभी कमर्शियल, ऑपरेशनल, लॉजिस्टिक और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। इसमें मेहमानों की व्यवस्था, टिकटों की बिक्री और बाकी जरूरी तैयारियां भी शामिल हैं। लेटर में ये भी बताया गया कि श्रीलंका में होने वाले मैचों, खासकर भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए टिकटों की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर हुई है। बोर्ड के मुताबिक इतनी ज्यादा मांग पहले कभी नहीं देखी गई, जिससे लोगों की गहरी दिलचस्पी और मैच से जुड़ी बड़ी व्यावसायिक उम्मीदें साफ दिखाई देती हैं।

हो सकता है भारी नुकसान

श्रीलंका क्रिकेट ने चेतावनी दी कि ऐसे बड़े मैच से दूर रहने के गंभीर नतीजे हो सकते हैं। इसमें भारी आर्थिक नुकसान, उम्मीद के मुताबिक आने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी और कुल मिलाकर बड़े स्तर पर वित्तीय घाटा शामिल हो सकता है। पिछले सहयोग का जिक्र करते हुए श्रीलंका क्रिकेट ने कहा कि, उसकी राष्ट्रीय टीम ने कई बार मुश्किल और संवेदनशील हालात में भी पाकिस्तान का दौरा किया है। इनमें ऐसे समय भी शामिल रहे, जब गंभीर सुरक्षा घटनाओं के कारण दूसरे क्रिकेट खेलने वाले देश वहां जाने से बच रहे थे। बोर्ड ने बताया कि ये फैसले अच्छी नीयत, खेल भावना और दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच आपसी सम्मान को ध्यान में रखकर लिए गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।