टी20 वर्ल्ड कप में होने वाले भारत-पाकिस्तान के मुकाबले को लेकर संकट के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस मैच पर अभी भी संस्पेस बरकरार है। वहीं अब श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बात की। उन्होंने अनुरोध किया कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को श्रीलंका में भारत के खिलाफ होने वाला हाई-प्रोफाइल टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दी जाए। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच सीधे बातचीत हुई, ताकि मैच तय कार्यक्रम के अनुसार हो सके।
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने की बात
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सुझाव दिया कि पाकिस्तान और भारत के बीच होने वाले मैच की मेज़बानी श्रीलंका को दी जाए। उनका कहना था कि इससे श्रीलंका को एक तटस्थ और दोस्ताना देश के रूप में पेश किया जा सकेगा। फोन पर हुई बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी याद दिलाया कि मुश्किल समय में पाकिस्तान ने श्रीलंकाई क्रिकेट का साथ दिया था। खासकर श्रीलंका में हुए आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान के समर्थन को उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने वाला कदम बताया।
वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने श्रीलंका की इस पहल और सद्भावना की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में सुरक्षा चिंताओं के बावजूद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान का दौरा रद्द नहीं किया, जो आपसी भरोसे का संकेत है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि इस कदम की पाकिस्तान के लोगों और क्रिकेट प्रशंसकों ने काफी सराहना की है। उनका मानना है कि इससे दोनों देशों के बीच खेल संबंध और मजबूत हुए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान-भारत टी20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर दिए गए प्रस्ताव पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से कहा कि जब इस मुद्दे पर पूरी बातचीत हो जाए, तो अंतिम निर्णय की जानकारी साझा की जाए।