IPL 2026: 'फ्रेंचाइजी को हल्के में लेते हैं और...' सुनील गावस्कर ने विदेशी खिलाड़ियों को लेकर कही ये बात

IPL 2026: आईपीएल का पहला मुकाबला आरसीबी और एसआरएच के बीच खेला जाएगा। वहीं टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले आईपीएल में ज्यादातर विदेशी खिलाड़ी चोट की वजह से लीग के शुरुआती मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने शुरुआती दौर से हटने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर नाराजगी जताई है

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 8:57 PM
Story continues below Advertisement
सुनील गावस्कर ने कहा कि ये खिलाड़ी भारतीय मेहमाननवाजी और सिस्टम को हल्के में ले रहे हैं

आईपीएल 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। आईपीएल की ट्रॉफी के लिए 10 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला आरसीबी और एसआरएच के बीच खेला जाएगा। वहीं टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले आईपीएल में ज्यादातर विदेशी खिलाड़ी चोट की वजह से आईपीएल की शुरुआती मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर से हटने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर नाराजगी जताई है।

सुनील गावस्कर ने कहा कि, ये खिलाड़ी भारतीय मेहमाननवाजी और सिस्टम को हल्के में ले रहे हैं। गावस्कर ने सभी फ्रेंचाइजी मालिकों से सख्त रवैया अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को बाहर किया जाना चाहिए, नहीं तो वे टीम की योजनाओं को बार-बार प्रभावित करते रहेंगे।

गावस्कर ने क्या कहा


सुनील गावस्कर ने स्पोर्टस्टार के लिए अपने कॉलम में लिखा, “कुछ विदेशी खिलाड़ियों की आदत बन गई है कि वे फ्रेंचाइजी को हल्के में लेते हैं और चोट या निजी कारणों का हवाला देकर उपलब्ध नहीं रहते।” उन्होंने आगे कहा, “फ्रेंचाइजी मालिक खिलाड़ियों को रोकने के लिए काफी मेहनत करते हैं। वे उनके परिवारों के लिए भी खर्च उठाते हैं ताकि वे साथ रह सकें, और करोड़पति खिलाड़ियों को खुद कुछ खर्च नहीं करना पड़ता। यह भारतीय तरीका और मेहमाननवाजी है, लेकिन कुछ लोग इसे गलत समझकर इसका फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।”

इन पूर्व खिलाड़ियों ने की है आलोचना

सुनील गावस्कर अकेले ऐसे नहीं हैं जिन्होंने यह मुद्दा उठाया है। इससे पहले आकाश चोपड़ा ने भी लॉकी फर्ग्यूसन की आलोचना की थी, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने कोलकाता नाइट राइडर्स को सुझाव दिया था कि अगर कैमरून ग्रीन इस सीजन में गेंदबाजी नहीं कर पाते हैं, तो उनके कॉन्ट्रैक्ट की रकम में कटौती की जा सकती है।

ये खिलाड़ी आईपीएल के कुछ मैच करेंगे मिस

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क फिटनेस और व्यस्त शेड्यूल के चलते आईपीएल सीजन के शुरुआती तीन मैचों में नहीं खेल पाएंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें आराम देने का फैसला लिया है। वहीं पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भी अपने नवजात बेटे के साथ समय बिताने के लिए शुरुआती कुछ मुकाबलों से दूर रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।