Shubman Gill: टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान हो गया है। नेशनल सिलेक्शन कमिटी के चुनी गई 15 सदस्यों वाली भारतीय टीम में उपकप्तान शुभमन गिल को जगह नहीं मिली है। शुभमन गिल की जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया। वहीं शुभमन गिल को टीम में शामिल नहीं किए जाने से पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर काफी हैरान है। गावस्कर ने कहा कि, भले ही गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में संघर्ष करना पड़ा हो, लेकिन किसी खिलाड़ी की असली काबिलियत आखिर में सामने ही आती है। गावस्कर के मुताबिक, क्लास कभी खत्म नहीं होती और बड़े खिलाड़ी मुश्किल दौर के बाद भी वापसी करना जानते हैं।
मुंबई में हुई सेलेक्शन मीटिंग में गिल को बाहर करना सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। हालांकि हालिया फॉर्म को देखें तो यह फैसला पूरी तरह अप्रत्याशित भी नहीं माना जा रहा है।
गिल को बाहर करने के फैसले से हैरान
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा, “यह कोई छोटी बात नहीं है, बल्कि सच में हैरान करने वाला फैसला है। शुभमन गिल एक क्लास खिलाड़ी और क्वालिटी बैटर हैं, जिनका हालिया सीजन बैट से काफी अच्छा रहा है। हां, ये सही है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ कुछ मैचों में उन्हें परेशानी हुई, लेकिन इसके बावजूद उनका बाहर होना चौंकाता है।” गावस्कर ने आगे कहा, “आखिर में खिलाड़ी की क्लास ही काम आती है। फॉर्म तो हमेशा टेम्पररी होता है। वह भी लंबे ब्रेक के बाद लौटे थे, इसलिए अगर उनका रिदम सही नहीं था तो ये समझा जा सकता है। टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में, जहां शुरुआत से ही तेज खेलना पड़ता है, अगर लय न बने तो दिक्कत होना स्वाभाविक है।”
टेस्ट और वनडे में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल होने के बावजूद शुभमन गिल को टी20 में ओपनर के रूप में अपनी जगह पक्की करने में दिक्कत आई है। गावस्कर ने आगे कहा, “चाहे आप कुछ भी कह लें, अगर किसी खिलाड़ी का नैचुरल खेल टेस्ट क्रिकेट जैसा है तो वह उसी अंदाज में खेलता है। गिल का स्वाभाविक झुकाव जमीन पर शॉट खेलने और गैप ढूंढने का है। टी20 में इस तरह के शॉट से रन बनाना आसान नहीं होता, इसलिए उन्हें थोड़ी परेशानी हुई। लेकिन वह सच में बहुत बेहतरीन खिलाड़ी हैं और हमने IPL में भी देखा है कि वह कितने शानदार प्रदर्शन करते हैं।”
गावस्कर ने कहा, “जब हम अच्छा खेल रहे थे, तब मैंने यह बात कही थी और मुझे उम्मीद है कि शुभमन इसे सही भावना में लेगा, क्योंकि मैं हमेशा उसके लिए अच्छा ही चाहता हूं। उसकी जो चोटें आई हैं, वे भी थोड़ी अजीब रही हैं। पहले गर्दन की चोट और फिर घुटने की परेशानी। मैंने कहा, घर पे किसी को बोलो नजर उतार दे। आप जानते हैं, क्योंकि हम इस पर विश्वास करते हैं। हम मानते हैं कि कभी-कभी नजर लग जाती है।"
गिल के पावरप्ले में स्ट्राइक रेट को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं और अब टीम में ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजों के आने से उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीन टी20 मैचों में वह खास प्रदर्शन नहीं कर सके और उनके स्कोर सिर्फ 4, 0 और 28 रन रहे।