टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम की कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम में जगह नहीं मिली। सेलेक्टर्स ने सूर्या की जगह टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी है। वहीं टीम से बाहर किए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन दिया है। सूर्या ने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। सूर्या ने खास तौर पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने पर खुशी जताई और उनकी काफी तारीफ की है।
सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई द्वारा जारी भारतीय टी20 टीम की तस्वीर शेयर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "इस बेहद प्रतिभाशाली टीम को आगे आने वाली चुनौती के लिए शुभकामनाएं।" इसके साथ उन्होंने भारतीय तिरंगे और नजर वाले इमोजी भी लगाए। सूर्यकुमार का यह संदेश सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। वहीं एक और पोस्ट में सूर्या ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की फोटो पोस्ट की। उन्होंने कहा, "तुमने यह मौका अपनी मेहनत से हासिल किया है। तुम्हारे आगे के सफर को देखने के लिए मैं बेहद एक्साईटेड हूं।"
सूर्यकुमार यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया है। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 35 साल के सूर्यकुमार ने पहले 2028 ओलंपिक में भारत के लिए खेलने की इच्छा जताई थी, लेकिन मौजूदा स्थिति में यह आसान नहीं दिख रहा। वहीं मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि ये फैसला खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन और भविष्य की टीम बनाने की योजना को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में सूर्यकुमार का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, इसलिए चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर पर भरोसा जताया है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता, लेकिन बल्लेबाज के तौर पर उनका प्रदर्शन उनकी पहचान के मुताबिक नहीं रहा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए और कई मौकों पर बड़ी पारी खेलने से चूक गए। वहीं आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला उम्मीद के अनुसार नहीं चला। मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए सूर्या ने 13 पारियों में 270 रन बनाए।