IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाना तय है। वहीं फाइनल मैच से पहले भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस दौरान सूर्या ने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के स्टेडियम के दर्शकों को चुप कराने वाले बयान पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि बड़े मैचों से पहले इस तरह की बातें होना नॉर्मल है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव से मिचेल सैंटनर के बयान के बारे में पूछा गया, तो भारतीय कप्तान ने शांत अंदाज में जवाब दिया कि अब विरोधी टीमें बार-बार वही बातें दोहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये एक तरह का ट्रेंड बन गया है और अब समय आ गया है कि लोग कुछ नया और अलग कहें। सूर्यकुमार यादव ने कहा, “सब वही लाइन चिपका रहे हैं। कुछ तो नया बोलो।”
मीडिया से सूर्यकुमार यादव की बातचीत से पहले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ने कहा कि, उन्हें अहमदाबाद की भीड़ के सामने “बैड गाइ” की तरह खेलने में कोई परेशानी नहीं होगी और उनका लक्ष्य दर्शकों को चुप करना होगा। गौर करने वाली बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भी 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले इसी मैदान पर ऐसा ही बयान दिया था और बाद में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीत लिया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने कहा, “कैंप में माहौल बहुत शांत और अच्छा है। घरेलू मैदान पर इतनी शानदार टीम की कप्तानी करना मेरे लिए खास एहसास है और पूरी टीम टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल को लेकर काफी एक्साईटेड है।” भारतीय कप्तान ने कहा कि इतने बड़े मैच में दबाव होना स्वाभाविक है, लेकिन वह इस बड़े मंच का आनंद लेने और मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। सूर्यकुमार ने कहा, “एक लीडर के तौर पर दबाव तो रहेगा, इसे मैं नकार नहीं सकता। वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का अलग ही उत्साह होता है, खासकर जब यह मैच भारत में हो रहा हो।”
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला पिछले साल खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल के बाद दोनों टीमों के बीच लगातार दूसरा व्हाइट-बॉल फाइनल होगा। दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने कहा, “मैंने उनके टी20 वर्ल्ड कप के मैच टीवी पर नहीं देखे हैं। हमने हाल ही में उनके खिलाफ खेला था और टीम लगभग वही है जो बाइलेटरल सीरीज में थी। वे अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और हम भी अच्छी लय में हैं, इसलिए यह एक शानदार मुकाबला होगा।”