Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में डेरिल मिचेल से सूर्यकुमार यादव ने क्यों मांगी माफी? खुद बताई वजह

Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के बीच हल्का विवाद हुआ था। हालांकि, इस घटना के लिए आईसीसी ने अर्शदीप पर 15% मैच फीस का जुर्माना लगाया। अब हाल ही में सूर्यकुमार यादव ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 6:06 PM
Story continues below Advertisement
आईसीसी ने अर्शदीप सिंह को लेवल-1 को दोषी मानते हुए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में डेरिल मिचेल और अर्शदीप सिंह के बीच नोक-झोंक देखने को मिली थी। फाइनल मुकाबले के दौरान अर्शदीप सिंह का एक थ्रो डेरिल मिचेल को लगी थी। इसके बाद मिचेल काफी नाराज नजर आ रहे थे। उस समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बीच में आए और स्थिति को संभाला था। वहीं मैच खत्म होने के बाद अर्शदीप और मिशेल खिलाड़ियों के बीच बातचीत हुई और मामला शांत हो गया। वहीं इसके बाद आईसीसी ने अर्शदीप सिंह को लेवल-1 को दोषी मानते हुए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया। अब भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है।

सूर्या ने क्या कहा

सूर्यकुमार यादव ने पीटीआई से कहा, "कभी-कभी जोश में ऐसी चीजें हो जाती हैं और उस समय पूरी तरह समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है। बाद में मैंने पाजी से कहा कि ऐसा ठीक नहीं है। फिर उन्होंने मिशेल से बात की और मामला हल्के-फुल्के अंदाज में खत्म हो गया।" उन्होंने आगे कहा, "उन्होंने इसे हल्के में लिया, लेकिन मेरे लिए यह बहुत जरूरी था कि मैं खुद जाकर डेरिल मिशेल से बात करूं, क्योंकि एक लीडर के तौर पर मैदान पर सही उदाहरण पेश करना जरूरी होता है। इसलिए मैंने उनसे कहा कि अगर अर्शदीप ने जानबूझकर ऐसा किया तो मुझे खेद है, और अगर यह अनजाने में हुआ तब भी मुझे अफसोस है।"


क्या है पूरा मामला

ये घटना टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई, जब टीम का स्कोर 103 रन पर 5 विकेट था। उस समय अर्शदीप सिंह गेंदबाजी कर रहे थे और डेरिल मिचेल उनकी गेंदों पर पहले ही दो छक्के लगा चुके थे। पांचवीं गेंद पर अर्शदीप ने सीधी गेंद फेंकी, जिसे उन्होंने फॉलो-थ्रू में रोक लिया। इसी दौरान उन्हें लगा कि मिचेल रन लेने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए उन्होंने गेंद विकेट की ओर फेंक दी, लेकिन गेंद जाकर मिचेल के पैर पर लग गई। इसके बाद मिचेल दर्द से परेशान नजर आए और उन्होंने अंपायर से शिकायत भी की, जिस पर अंपायर ने अर्शदीप को बुलाकर चेतावनी दी।

इसके बाद कप्तान सूर्या ने भी आकर मिचेल से बात की। वहीं ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप और डेरिल मिशेल मैदान पर एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए भी नजर आए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।