सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत का ये तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला गया था। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। गौरतलब है कि टीम इंडिया को इसी मैदान पर साल 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि, अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल जीतने के बाद उन्हें काफी सुकून मिला है, क्योंकि इसी शहर में उन्हें पहले बड़ी निराशा मिली थी।
बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स 2026 में जब सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि, वह कौन सा मैच दोबारा खेलना चाहेंगे, तो उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल का नाम लिया। ये मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ था, जहां पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेलने के बावजूद भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। सूर्यकुमार के लिए वह हार आज भी एक इमोशनल याद बनी हुई है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स 2026 में कहा, “अगर पूरा एक्सपीरिएंस दोबारा जीने का मौका मिले, तो मैं निश्चित तौर पर अहमदाबाद में खेले गए 2023 वर्ल्ड कप फाइनल को फिर से खेलना चाहूंगा। मैं उस मैच को दोबारा खेलकर जीतना पसंद करूंगा। हालांकि अब हम अहमदाबाद में जीत चुके हैं, इसलिए मुझे लगता है कि उस कहानी अब खत्म हो गई है।”
फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दी थी मात
2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था और पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने अपना छठा वर्ल्ड कप खिताब जीता था। सूर्यकुमार यादव भी उस फाइनल में भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन वह खास प्रदर्शन नहीं कर पाए और 28 गेंदों में 18 रन बनाकर जोश हेजलवुड की गेंद पर 48वें ओवर में आउट हो गए थे।
अब आईपीएल में नजर आएंगे सूर्या
भारत को घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने के बाद यह स्टार बल्लेबाज अब आने वाले आईपीएल 2026 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलते नजर आएंगे। पांच बार की चैंपियन टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मुकाबले से करेगी। यह मैच टीम का पहला घरेलू मैच भी होगा।